अधिकारियों को नियमों का पालन करने और समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश
सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों का प्राथमिकता से करें निराकरण, जनसमस्याओं के प्रति संवेदनशील रहें अधिकारी
बालाघाट, 16 अक्टूबर 2026। कलेक्टर श्री आदित्य सिंह ने शुक्रवार को सभी विभागों के अधिकारियों की बैठक लेकर शासकीय कार्यों में समय-सीमा और नियमों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों का प्राथमिकता से निराकरण करने तथा जनसुनवाई में आने वाले आवेदकों की समस्याओं को गंभीरता से लेकर उनका समाधान करने पर विशेष जोर दिया।

कलेक्टर श्री सिंह ने कहा कि जनसुनवाई में अपनी समस्याएं लेकर आने वाले लोगों के साथ अधिकारी संवेदनशीलता से व्यवहार करें। आवेदकों की समस्याओं को केवल औपचारिकता मानकर न लें, बल्कि उनके निराकरण के लिए गंभीरता से प्रयास करें। सीएम हेल्पलाइन में प्राप्त शिकायतों को भी प्राथमिकता देते हुए निर्धारित समय-सीमा में उनका संतुष्टिपूर्ण निराकरण सुनिश्चित किया जाए।
भ्रमण का उद्देश्य स्पष्ट रखें अधिकारी
कलेक्टर ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि फील्ड भ्रमण पर जाने से पहले उसके उद्देश्य को स्पष्ट रखें। अनावश्यक दौरे करने के बजाय ऐसे भ्रमण करें, जिनसे शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन, मैदानी समस्याओं के समाधान और आमजन को मिलने वाली सुविधाओं की वास्तविक स्थिति का आकलन हो सके। उन्होंने कहा कि बालाघाट जिले का भौगोलिक क्षेत्र बड़ा है, इसलिए अधिकारियों को मैदानी क्षेत्रों का नियमित भ्रमण कर योजनाओं की प्रगति और जनसमस्याओं की जानकारी लेना आवश्यक है।
उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों से पारदर्शी, निष्पक्ष और स्पष्ट कार्यप्रणाली अपनाने को कहा, ताकि आमजन को शासकीय योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ समय पर मिल सके। साथ ही निर्देश दिए कि समय-सीमा (टीएल) की बैठक में पिछले एक सप्ताह के कार्यों की जानकारी प्रस्तुत की जाए, जिससे लंबित प्रकरणों की समीक्षा कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
टीम भावना से करें कार्य, ई-ऑफिस से भेजें फाइलें
कलेक्टर श्री सिंह ने कहा कि सभी अधिकारी एक टीम के रूप में कार्य करें तथा अपने पद के दायित्वों और कर्तव्यों को समझते हुए उनका जिम्मेदारीपूर्वक निर्वहन करें। उन्होंने मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के अंतर्गत आयोजित होने वाले शिविरों को गंभीरता से लेने और इनके माध्यम से नागरिकों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि शासकीय फाइलों का संचालन ई-ऑफिस के माध्यम से सुनिश्चित करें। निर्धारित नियमों एवं प्रक्रियाओं का पालन करते हुए कार्यों को समय-सीमा में पूर्ण करें। कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि प्रशासन की प्राथमिकता आमजन की समस्याओं का प्रभावी निराकरण, शासकीय योजनाओं का बेहतर क्रियान्वयन तथा नागरिकों को समय पर सेवाएं उपलब्ध कराना है।




