जन विश्वास अभियान से ग्रामीणों को मिला योजनाओं का लाभ
बालाघाट, 16 अक्टूबर 2026। मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के अंतर्गत शुक्रवार को सांदीपनि विद्यालय, खैरलांजी में जिला स्तरीय शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में ग्रामीणों की समस्याएं सुनी गईं तथा शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के तहत पात्र हितग्राहियों को लाभ वितरित किए गए। इस दौरान जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने ग्रामीणों को योजनाओं का लाभ लेने और स्वरोजगार के माध्यम से आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रोत्साहित किया। शिविर में ग्रामीणों द्वारा विभिन्न समस्याओ से संबंधित 60 आवेदन प्रस्तुत किये गए थे। जिनके निराकरण के लिए संबंधित विभागों को निर्देशित किया गया है।

विधायक श्री गौरव सिंह पारधी ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मंशा के अनुरूप मध्यप्रदेश को समृद्ध बनाने के उद्देश्य से ऐसे शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इनका प्रमुख उद्देश्य जनता की समस्याओं का निराकरण करना और पात्र हितग्राहियों तक शासन की योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। उन्होंने अधिकारियों से ग्रामीणों की समस्याएं गंभीरता से सुनने और नियमानुसार उनका निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी इस प्रकार के शिविर आयोजित किए जाएंगे।
शिविर में स्वामित्व योजना के अंतर्गत 9 हितग्राहियों को रजिस्ट्री पत्रक वितरित किए गए। इनमें ग्राम अतरी के राजेंद्र डोंगरे, घुबड़गोंदी के निरंजन मेश्राम एवं मानिक शेण्डे तथा ग्राम भेण्डारा के शंकरलाल उपवंशी सहित अन्य हितग्राही शामिल रहे। वहीं लाड़ली लक्ष्मी योजना के अंतर्गत धनेश्वरी डहारे, आयांशी दमाहे, आर्या दमाहे, वंशिका शिहोरे, वैष्णवी बाहेश्वर, शान्वी बनोठे, पूर्वी मेश्राम, श्रेया लिल्हारे, अवनी कटरे, अन्वी मुरकुटे एवं पूर्वा उरकुड़े को आश्वासन प्रमाण पत्र प्रदान किए गए।
किसी ने डेयरी से बढ़ाई कमाई, किसी ने शुरू किया कारोबार, जन विश्वास शिविर में दिखी आत्मनिर्भरता की तस्वीर
शिविर में आजीविका मिशन के स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं ने अपने संघर्ष और सफलता की कहानियां साझा कीं। पशुपालन विभाग की डेयरी प्लस योजना से लाभान्वित ग्राम फोगलटोला के रंजित दरवड़े ने बताया कि मुर्रा नस्ल की दो भैंसों के पालन से उन्हें प्रतिदिन लगभग 20 लीटर दूध प्राप्त हो रहा है। इससे उनकी आमदनी बढ़ी है और वे आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन रहे हैं।
शिविर में आयोजित उद्यम संवाद कार्यक्रम में हितग्राहियों ने शासकीय योजनाओं और बैंक ऋण से मिली सहायता के अनुभव साझा किए। ग्राम पिंडकेपार के बसंत उके ने प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना के अंतर्गत ऋण लेकर मत्स्य पालन शुरू करने और इससे आय का स्रोत विकसित होने की जानकारी दी। ग्राम खैरी के टीकम देवगड़े एवं खुशराम सोनवाने ने बताया कि उन्होंने बढ़ई और लोहार का काम शुरू करने के लिए बैंक से एक-एक लाख रुपये का ऋण लिया। वहीं ग्राम घुबड़गोंदी के जितेंद्र शेण्डे और खैरी के संतोष बिल्लौरे ने कारपेंटर एवं फर्नीचर व्यवसाय के विस्तार के लिए एक-एक लाख रुपये का ऋण लेकर अपना काम आगे बढ़ाया।
उद्यम संवाद में खुर्सीपार के बेनेश कटरे, खरखड़ी के विजय तुरकर, रामपायली के विनोद कामडे, मुरझड़ के दीपक वरकड़े, खैरलांजी के जय नगपुरे एवं खुर्सीपार के गजानंद नगपुरे ने भी अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने बताया कि शासन की सहायता और बैंक ऋण से उनके व्यवसाय को मजबूती मिली है तथा अब वे अन्य लोगों को भी रोजगार उपलब्ध कराने में सक्षम हो रहे हैं।
कार्यक्रम में विधायक श्री गौरव सिंह पारधी, श्री विवेक विक्की पटेल, पूर्व मंत्री श्री प्रदीप जायसवाल, कलेक्टर श्री आदित्य सिंह, अपर कलेक्टर श्री डी.पी. बर्मन, जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती खुशबू बिसेन, उपाध्यक्ष श्री दुर्गाप्रसाद लिल्हारे, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती मधु शुक्ला, श्री प्रकाश उके सहित अन्य जनप्रतिनिधि, जिला स्तरीय अधिकारी एवं खंड स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे। शिविर के माध्यम से ग्रामीणों को शासकीय योजनाओं की जानकारी देने, उनकी समस्याओं के निराकरण और स्वरोजगार को बढ़ावा देने पर जोर दिया गया।
संलग्न फोटो क्रमांक:- 26 से 36




