बालाघाट, 16 अक्टूबर 2026। मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के अंतर्गत खैरलांजी में आयोजित जिला स्तरीय शिविर के दौरान कलेक्टर श्री आदित्य सिंह ने ग्राम खरखड़ी, खैरलांजी के घुसाईटोला, कचेखनी एवं घुबड़गोंदी स्थित आंगनवाड़ी केंद्रों का आकस्मिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने केंद्रों में उपलब्ध सुविधाओं, बच्चों की उपस्थिति, पोषण आहार वितरण तथा स्वास्थ्य संबंधी व्यवस्थाओं का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

कलेक्टर श्री सिंह ने निरीक्षण के दौरान आंगनवाड़ी केंद्रों में दर्ज बच्चों की संख्या, उनकी उपस्थिति, सैम एवं मैम श्रेणी के कुपोषित बच्चों की संख्या, टीकाकरण की स्थिति तथा पंजीकृत गर्भवती एवं धात्री माताओं की जानकारी ली। उन्होंने बच्चों को वितरित किए जा रहे पोषण आहार की व्यवस्था का भी अवलोकन किया। कलेक्टर ने बच्चों से चर्चा कर सुबह मिलने वाले नाश्ते और दोपहर के भोजन के बारे में जानकारी प्राप्त की। बच्चों ने बताया कि उन्हें नियमित रूप से नाश्ता एवं भोजन दिया जा रहा है। इसके अलावा उन्होंने केंद्रों में पेयजल, भोजन एवं नाश्ते के लिए बर्तनों की उपलब्धता तथा शौचालय की व्यवस्था के संबंध में भी जानकारी ली।
नियमित टीकाकरण और कुपोषित बच्चों के उपचार के निर्देश
कलेक्टर श्री सिंह ने निर्देश दिए कि आंगनवाड़ी केंद्रों में बच्चों का नियमित टीकाकरण सुनिश्चित किया जाए तथा इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। बच्चों को निर्धारित मेन्यू के अनुसार नाश्ता एवं भोजन उपलब्ध कराया जाए। साथ ही बच्चों के वजन और ऊंचाई की नियमित माप कर उनके स्वास्थ्य एवं पोषण की स्थिति पर सतत निगरानी रखी जाए। उन्होंने कहा कि कुपोषित बच्चों की समय पर पहचान कर उन्हें आवश्यक उपचार के लिए पोषण पुनर्वास केंद्र भेजा जाए। कलेक्टर ने महिला एवं बाल विकास विभाग के जिला कार्यक्रम अधिकारी को निर्देशित किया कि आंगनवाड़ी केंद्रों में बच्चों के लिए आवश्यक सामग्री की सूची तैयार कर उनकी उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए कार्ययोजना बनाई जाए।
आयुष्मान आरोग्य केंद्र और सहकारी समिति का भी किया निरीक्षण
आंगनवाड़ी केंद्रों के निरीक्षण के बाद कलेक्टर ने ग्राम खरखड़ी स्थित आयुष्मान आरोग्य केंद्र एवं प्राथमिक कृषि सहकारी समिति का भी निरीक्षण किया। उन्होंने आयुष्मान आरोग्य केंद्र के माध्यम से ग्रामीणों को प्रदान की जा रही स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी ली। प्राथमिक कृषि सहकारी समिति के निरीक्षण के दौरान बताया गया कि उचित मूल्य दुकान का सेल्समैन अस्वस्थ होने के कारण दुकान वर्तमान में बंद है। इस पर कलेक्टर ने निर्देश दिए कि पास की अन्य उचित मूल्य दुकान से सेल्समैन की व्यवस्था कराई जाए, ताकि उपभोक्ताओं को राशन वितरण में परेशानी न हो।
पेयजल समस्या के समाधान के लिए तालाब गहरीकरण की बनेगी कार्ययोजना
ग्राम खरखड़ी में ग्रामीणों से चर्चा के दौरान गर्मी के दिनों में पेयजल की समस्या सामने आई। ग्रामीणों ने बताया कि गांव में जलस्तर बढ़ाने के लिए तालाब का गहरीकरण आवश्यक है। इस पर कलेक्टर श्री सिंह ने जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को ग्राम पंचायत के साथ समन्वय कर तालाब गहरीकरण के लिए कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान महिला एवं बाल विकास विभाग के जिला कार्यक्रम अधिकारी श्री देवेंद्र सुंद्रियाल, जनपद सीईओ श्री गायत्री कुमार सारथी, बाल विकास परियोजना अधिकारी श्री लकेश उके सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।




