धुवारे जलपान गृह एवं धुवारे जलपान सेंटर का पंजीयन निलंबित
शटर गिराकर बंद कराया गया खाद्य व्यवसाय
बालाघाट- कलेक्टर श्री मृणाल मीना के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा प्रशासन की टीम द्वारा 13 नवंबर को नगरीय क्षेत्र बालाघाट के मोतीनगर स्थित होटल एवं रेंस्टारेंट्स पर छापामार कार्यवाही की गई है। इस कार्यवाही के दौरान धुवारे जलपान गृह एवं धुवारे जलपान सेंटर में अत्यधिक गंदगी, अस्वच्छता एवं मकड़ी के जाले पाये एवं सार्वजनिक स्थल पर धूम्रपान कराये जाने के कारण उनका खाद्य पंजीयन तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
मुख्यग चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ परेश उपलप ने बताया कि खाद्य सुरक्षा अधिकारी योगेश डोंगरे, गीता टांडेकर एवं नायब तहसीलदार श्रीमती मंजुला महोबिया की टीम ने 13 नवंबर को बालाघाट के मोती नगर स्थित विंग्स कैफे रेस्टोरेंट का निरीक्षण किया। इस दौरान मौके पर मौजूद मालिक द्वारा इस कैफे को बंद किया जाना बताया गया । मोतीनगर स्थित रॉयल रेस्टोरेंट का निरीक्षण करने पर उसके पास वैध खाद्य लाइसेंस पाया गया लेकिन किचन में कुछ आंशिक त्रुटियां एवं अस्वच्छता पाई गई। जिसके लिए उसके संचालक को खाद्य सुरक्षा मानक अधिनियम की धारा 32 के अंतर्गत सुधार सूचना नोटिस जारी किया गया है। रायल रेस्टारेंट से कॉर्नफ्लोर तथा शक्कर के नमूने एकत्र कर प्रयोगशाला जांच के लिये भेजे गये हैं।
खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम ने मोती चौक स्थित मानोमय रेस्टोरेंट के निरीक्षण के दौरान पाया कि किचन के फ्रीजर में खाद्य सामग्री खुली अवस्था में संग्रहित की गई है। खाद्य सामग्री का निर्माण खुले में कराये जाने के संबंध में मानोमय रेस्टोरेंट के संचालक को सुधार सूचना नोटिस जारी किया गया । मोतीतालाब चौक स्थित धुवारे जलपान गृह एवं धुवारे जलपान सेंटर के निरीक्षण के दौरान वहां पर अत्यंत अस्वच्छता, गंदगी, मकड़ी के जाले पाये गये। वहां पर नाली खुली अवस्था में पायी गई और उसके ऊपर ही खाद्य सामग्री का निर्माण किया जाना पाया गया। सार्वजनिक स्थल पर धूम्रपान कराए जाने जैसे गंभीर कार्यकलापों के कारण दोनों प्रतिष्ठानों के खाद्य पंजीयन तत्काल प्रभाव से निलंबित किए गए एवं धारा 56 के उल्लंघन का प्रकरण तैयार किया गया तथा मौके पर ही खाद्य व्यवसाय शटर गिरकर बंद कराया गया।
आम जन को मिलावट रहित, गुणवत्ता युक्त एवं स्वच्छता के साथ निर्मित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए खाद्य सुरक्षा प्रशासन की टीम द्वारा इस तरह की कार्यवाही निरंतर जारी रहेगी।



