Home बालाघाट मातृत्व मृत्यु दर पर कलेक्टर ने की समीक्षा

मातृत्व मृत्यु दर पर कलेक्टर ने की समीक्षा

2
0

बालाघाट- कलेक्टर श्री मृणाल मीना की अध्यक्षता में 12 नवंबर को मातृ मृत्यु दर की रिपोर्ट को लेकर स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला पंचायत के कार्यपालन अधिकारी श्री अभिषेक सराफ, मुख्‍य चिकित्‍सा एवं स्‍वास्‍थ्‍य अधिकारी डॉ. परेश उपलप, समस्त बीएमओ, बीसीएम, एएनएम, आशा कार्यकर्ताए एवं अन्य अधिकारी कर्मचारी उपस्थित थे।

बैठक में कलेक्टर श्री मीना ने सभी आशा कार्यकर्ताओं को निर्देश दिए कि वे गर्भवती महिला मरीजों को घर से शासकीय अस्पताल तक लाएं ताकि उन्हें किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्‍होंने कहा कि गर्भवती महिलाओं के शासकीय चिकित्‍सालय में रहने से उनका उपचार सही ढंग से हो सकेगा। गर्भवती महिलाओं को कई बार बहुत सी दिक्‍कतों का सामना करना पड़ जाता है, ऐसे में उनके घर पर रहने पर ईलाज करने कठिनाई जैसी स्थिति निर्मित सकती है जो कि सही नही है। इसलिए यह अनिवार्य है कि गर्भवास्‍था के दौरान वह अस्‍पताल में हो। सभी बीएमओ को निर्देशित किया गया कि वे हाई प्रेगनेंसी के मामलो कों तत्‍परता व जिम्‍मेदारी पूर्वक देखे। साथ ही यह भी सुनिश्चित करें कि सभी आशा कार्यकर्ता अपना कार्य ईमानदारी से करें। कलेक्‍टर श्री मीना ने मुख्‍य चिकित्‍सा एवं स्‍वास्‍थ्‍य अधिकारी डॉ. उपलप को निर्देशित किया है कि वे आशा कार्यकर्ताओ के कार्यो पर नजर रखे। यदि कोई भी कार्यकर्ता गैरजिम्मेदारी से काम करती है, तो उन पर त्‍वरित कार्यवाही सुनिश्चित करें।

कलेक्टर श्री मीना ने उपस्थित सभी बीएमओ, एएनएम व आशा कार्यकर्ताओ से कहा कि जो भी गर्भवती महिला इलाज के लिए आती है तो यह सुनिश्चित किया जाए कि उसके परिजन अस्पताल के कार्यों से पूरी तरह संतुष्ट हों जिससे कि उन्हें किसी भी प्रकार की परेशानियों से उलझना न पड़े। अस्‍पताल में गर्भवती महिला की जरूरत की हर आवश्‍यक चीजे उपलब्‍ध होना चाहिए। इसके साथ ही गर्भवती माता के उचित चिकित्‍सक व्‍यवस्‍था एवं परिजनो की व्‍यवस्‍था में भी किसी भी तरह की लापरवाही नही होना चाहिए।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. परेश उपलप ने बताया कि 12 नवंबर को जिला चिकित्सालय बालाघाट में एक गर्भवती महिला प्रसव के लिए आयी थी। जिसका प्रसूति विशेषज्ञ डॉ. गीता बारामाटे द्वारा ऑपरेशन करने से मना कर दिया गया, जिसकी वजह से बच्चे की मृत्यु हो गई। यह बात कलेक्टर श्री मीना के संज्ञान में आने पर उन्होंने तुरंत डॉ. गीता बारामाटे के विरूद्ध अनुशासनात्मक कार्यवाही का प्रस्ताव हेल्‍थ कमिश्‍नर को भेजने के निर्देश दिए है। जिस पर अमल करते हुए सीएमएचओ श्री उपलप द्वारा शासन को प्रस्ताव भेजने की कार्यवाही की गई है।

संलग्‍न फोटो क्रमांक:- 01 से 04