बालाघाट। संसदीय क्षेत्र को तीन सड़क और एक पुलिया की सौगात मिली है। लामता से पांडिया छपारा मार्ग पर पुल निर्माण, अतरी से पांडरवानी तक बी.टी. सड़क निर्माण, ग्राम पौनिया ग्राम पंचायत से ग्राम लोहारा टिकारी-चिरचिरा तक बी.टी. सड़क निर्माण और बरघाट के वार्ड क्रमांक 1 से मगरकठा ग्राम पंचायत हुए ग्राम पंचायत टिकरी तक बी.टी. सड़क निर्माण कार्य की घोषणा, बुधवार को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सिवनी के मंच से की।
दरअसल, सिवनी में बुधवार 12 नवंबर को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एक कार्यक्रम में पहुंचे थे। जहां सांसद भारती पारधी ने संसदीय क्षेत्र से जुड़ी मांगो को सीएम डॉ. मोहन यादव के सामने रखा था। जिन मांगो को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सहर्ष स्वीकार करते हुए चार जरूरी कार्यो को कराए जाने की घोषणा की।

सांसद भारती पारधी ने बताया कि चारो निर्माण कार्यो से क्षेत्रीय लोगों को आवागमन में सुविधा होगी। उन्होंने बताया कि संसदीय क्षेत्र में प्रवास के दौरान ग्रामीणों ने उक्त कार्यो के निर्माण के लिए डिमांड रखी थी। जिसे प्रमुखता से लेकर, सीएम डॉ. मोहन यादव को मांग पत्र सौंपा और उन्होंने भी इन कार्यो के निर्माण की तत्काल स्वीकृति देकर, इसकी घोषणा कर दी है। उन्होंने बताया कि इन निर्माण कार्यो से ना केवल आवागमन बेहतर होगा बल्कि जिले के सामाजिक और आर्थिक विकास में भी इसका योगदान होगा। उन्होंने बताया कि संसदीय क्षेत्र के चहुंमुखी विकास को लेकर वह कृत संकल्पित है। सड़क और रेल मार्गो से लेकर किए गए प्रयास का परिणाम है कि आज, जिले से महानगरों तक पहुंचने के लिए आवागमन सुलभ हो सका है और हम निरंतर प्रयासरत है कि जिले का विकास आगे बढ़ता रहे। संसदीय क्षेत्र के इन चार निर्माण कार्यो की सौगात मिलने पर क्षेत्रवासियों ने खुशी जाहिर करते हुए सांसद भारती पारधी का आभार जताया है।



