जिला शिक्षा अधिकारी श्री अश्विनी उपाध्याय ने शासकीय प्राथमिक शाला कुण्डे के प्राथमिक शिक्षक खिलेंद्र मानेश्वर को शराब के नशे में शाला आने एवं अध्यापन कार्य नही करने के कारण तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय कार्यालय विकासखण्ड शिक्षा अधिकारी बालाघाट नियत किया जाता है।
किरनापुर विकासखंड के अंतर्गत शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय संकुल कुण्डामोहगांव के अंतर्गत शासकीय प्राथमिक शाला कुण्डे में पदस्थ प्राथमिक शिक्षक श्री खिलेन्द्र मानेश्वर के शराब के नशे में विद्यालय पहुंचते है, तथा शराब के नशे में धुत रहने के कारण अध्यापन कार्य कराने की स्थिति में नहीं रहने संबंधी जानकारी संज्ञान मे आने पर जिला शिक्षा अधिकारी श्री उपाध्याय द्वारा विकासखण्ड शिक्षा अधिकारी किरनापुर एवं विकासखण्ड स्त्रोत समन्वयक किरनापुर का दल गठित कर प्रकरण की जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने कहा गया था।
जांच दल द्वारा ग्राम के सरपंच एवं अन्य ग्रामीणों से चर्चा की गई जिसमें बताया गया कि है कि प्राथमिक शिक्षक श्री मानेश्वर शराब पीकर स्कूल में आते हैं। इन्हे अनेको बार समझाया गया किन्तु इनके व्यवहार में कोई परिवर्तन नहीं आया। शराब पीकर आने के पश्चात अध्यापन कार्य नहीं करा पाते है एवं छात्र-छात्राओं को गालियां देते है। इस अनुशासनहीनता के लिए इन्हे अनेको बार सरपंच एवं अन्य ग्रामीणों के द्वारा चेतावनी भी दी गई। किन्तु कोई सुधार नहीं हुआ।
प्राथमिक शिक्षक श्री खिलेन्द्र मानेश्वर द्वारा शासकीय कार्य में शिक्षक पद की गरिमा के विपरित अनुशासनहीनता, लापरवाही एवं नशीले पदार्थों का सेवन कर नशे की हालत में अनैतिक आचरण किये जाने के कारण उन्हे तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।


