Home छत्तीसगढ़ मध्याह्न भोजन में लापरवाही पर होगी सख्त कार्रवाई, सात दिन में निरीक्षण रिपोर्ट...

मध्याह्न भोजन में लापरवाही पर होगी सख्त कार्रवाई, सात दिन में निरीक्षण रिपोर्ट देने के निर्देश

9
0

कलेक्टर आदित्य सिंह ने ली पीएम पोषण शक्ति मिशन की बैठक, मेन्यू के अनुसार भोजन बनाने और सांझा चूल्हा योजना अनिवार्य रूप से लागू करने के निर्देश

मध्याह्न भोजन के बर्तन की राशि का उपयोगिता प्रमाण पत्र सात दिन में नहीं देने पर बीआरसी के विरुद्ध एफआईआर के निर्देश

बालाघाट । शासकीय स्कूलों और आंगनवाड़ी केंद्रों में बच्चों को गुणवत्तापूर्ण भोजन एवं बेहतर पोषण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कलेक्टर श्री आदित्य सिंह ने 25 नवंबर को पीएम पोषण शक्ति मिशन की विस्तृत समीक्षा की। कलेक्ट्रेट में आयोजित बैठक में उन्होंने मध्याह्न भोजन, सांझा चूल्हा योजना, पोषण गतिविधियों तथा बच्चों एवं गर्भवती माताओं के स्वास्थ्य से जुड़ी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि बच्चों के भोजन और पोषण के मामले में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

सभी स्कूलों में निर्धारित मेन्यू के अनुसार बने भोजन

बैठक में विकासखंडवार प्राथमिक एवं माध्यमिक शालाओं में मध्याह्न भोजन की स्थिति की समीक्षा की गई। कलेक्टर श्री सिंह ने निर्देश दिए कि सभी शालाओं में निर्धारित मेन्यू के अनुसार ही भोजन तैयार किया जाए। जिन स्कूल परिसरों में आंगनवाड़ी केंद्र संचालित हैं, वहां स्कूल और आंगनवाड़ी के बच्चों के लिए सांझा चूल्हा योजना अनिवार्य रूप से लागू की जाए। उन्होंने कहा कि स्कूल और आंगनवाड़ी के बच्चों के लिए अलग-अलग समूहों द्वारा भोजन तैयार करने की व्यवस्था नहीं होनी चाहिए। कलेक्‍टर श्री सिंह ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के भ्रमण के दौरान कहीं पर भी ऐसा नहीं मिलना चाहिए कि शाला एवं आंगनवाड़ी के बच्‍चों के लिए अलग-अलग समूह द्वारा अलग-अलग भोजन तैयार किया जा रहा है।  कहीं पर भी शाला में शिक्षक एवं आंगनवाड़ी केन्‍द्र में सहायिका भोजन तैयार करते हुए नहीं मिलना चाहिए।

सभी जनपद पंचायतों के सीईओ को निर्देशित किया गया कि वे अपने क्षेत्र की शालाओं का निरीक्षण कर सात दिनों के भीतर रिपोर्ट प्रस्तुत करें। रिपोर्ट में यह जानकारी देना होगी कि कितने स्कूलों को मध्याह्न भोजन बनाने के लिए गैस चूल्हे उपलब्ध कराए गए हैं और कितने स्कूलों में वास्तव में गैस चूल्हों पर भोजन तैयार किया जा रहा है। इसके साथ ही रसोइयों को मानदेय भुगतान की स्थिति की जानकारी भी देनी होगी। सभी स्कूलों एवं आंगनवाड़ी केंद्रों में प्रतिदिन तैयार होने वाले भोजन के सैंपल सुरक्षित रखने के निर्देश दिए गए।

निरीक्षण पंजी में दर्ज होगी भोजन की गुणवत्ता

कलेक्टर ने सभी प्राथमिक एवं माध्यमिक शालाओं तथा आंगनवाड़ी केंद्रों में भोजन निरीक्षण पंजी अनिवार्य रूप से संधारित करने के निर्देश दिए। बीआरसी, बीएसी, सीएसी, बाल विकास परियोजना अधिकारी एवं आंगनवाड़ी पर्यवेक्षक अपने क्षेत्र के स्कूलों और आंगनवाड़ी केंद्रों का नियमित निरीक्षण करेंगे तथा भोजन की गुणवत्ता एवं व्यवस्था में पाई गई कमियों को पंजी में दर्ज करेंगे।

उन्होंने निर्देशित किया कि बीआरसी जिन स्कूलों का निरीक्षण करेंगे, वहां बीएसी एवं सीएसी निरीक्षण नहीं करेंगे, बल्कि अन्य स्कूलों का निरीक्षण करेंगे। निरीक्षण की शुरुआत विकासखंड मुख्यालय से सबसे दूरस्थ एवं अंतिम छोर के स्कूलों और आंगनवाड़ी केंद्रों से की जाए।

ऑनलाइन इंट्री में लापरवाही पर खैरलांजी के प्रभारी बीआरसी को नोटिस

मध्याह्न भोजन की ऑनलाइन इंट्री की समीक्षा में खैरलांजी विकासखंड की प्रगति सबसे कम पाए जाने पर कलेक्टर ने नाराजगी जाहिर की। लंबे समय से बंद आईडी को प्रारंभ नहीं किए जाने पर खैरलांजी के प्रभारी बीआरसी को कारण बताओ नोटिस जारी करने और वेतन रोकने के निर्देश दिए। सर्व शिक्षा अभियान के जिला परियोजना समन्वयक को निर्देशित किया गया कि वे सप्ताह के सातों दिन प्रत्येक विकासखंड में मध्याह्न भोजन की प्रगति की समीक्षा करें।

बर्तन की राशि का हिसाब नहीं देने पर एफआईआर के निर्देश

बैठक में वर्ष 2025-26 में स्कूलों को मध्याह्न भोजन के लिए बर्तन खरीदने हेतु उपलब्ध कराई गई राशि के उपयोग की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने सभी बीआरसी को सात दिनों के भीतर उपयोगिता प्रमाण पत्र प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। प्रमाण पत्र में खरीदे गए बर्तनों का विवरण और उपलब्ध कराई गई राशि का शत-प्रतिशत उपयोग दर्शाना होगा। निर्धारित समय में उपयोगिता प्रमाण पत्र प्रस्तुत नहीं करने पर संबंधित बीआरसी के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराने तथा वित्तीय अनियमितता की जांच कराने के निर्देश दिए गए।

पोषण वाटिकाओं की सब्जियां मध्याह्न भोजन में होंगी उपयोग

बैठक में ‘एक बगिया मां के नाम’ योजना के अंतर्गत स्कूलों एवं आंगनवाड़ी केंद्रों में विकसित पोषण वाटिकाओं की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि पोषण वाटिकाओं को सुरक्षित रखा जाए और उनमें उत्पादित सब्जियों का उपयोग बच्चों के मध्याह्न भोजन में किया जाए, ताकि उन्हें ताजी एवं पौष्टिक सब्जियां मिल सकें।

मिशन मुस्कान के तहत एक दिसंबर से घर-घर होगा सर्वे

आंगनवाड़ी केंद्रों में बच्चों के पोषण की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने पोषण ट्रैकर एप पर शत-प्रतिशत जानकारी दर्ज करने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि मिशन मुस्कान के अंतर्गत कुपोषित बच्चों की पहचान एवं उनके चिन्हांकन के लिए एक दिसंबर से घर-घर जाकर सर्वे प्रारंभ किया जाएगा। इसके लिए सभी बाल विकास परियोजना अधिकारियों को आवश्यक तैयारियां समय पर पूरी करने के निर्देश दिए गए।

मुख्यमंत्री बाल सुरक्षा अभियान की समीक्षा में बच्चों की भूख की जांच, एमोक्सिसिलिन वितरण में कम प्रगति तथा प्राथमिक पूर्व शिक्षा के लिए बच्चों के कम पंजीयन पर खैरलांजी के बाल विकास परियोजना अधिकारी को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए। वहीं खैरलांजी एवं लालबर्रा विकासखंड में पका हुआ भोजन (एचसीएम) वितरण की स्थिति में सुधार लाने को कहा गया।

गर्भवती माताओं के पंजीयन में आंकड़ों का अंतर नहीं हो

कलेक्टर ने आंगनवाड़ी केंद्रों में स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं पोषण दिवस प्रभावी ढंग से आयोजित करने के निर्देश दिए। इस दौरान बच्चों के टीकाकरण, स्वच्छता और पोषण के प्रति अभिभावकों को जागरूक करने के लिए विशेष गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। उन्होंने कहा कि गर्भवती माताओं के एएनसी पंजीयन में महिला एवं बाल विकास विभाग तथा स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों में अंतर नहीं होना चाहिए।

बैठक में प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिक से अधिक पात्र महिलाओं को योजना का लाभ दिलाने के निर्देश दिए गए। साथ ही एक दिसंबर से प्रारंभ होने वाले मिशन मुस्कान प्रोजेक्ट की जानकारी दी गई। इस अभियान में महिला एवं बाल विकास विभाग के साथ स्वास्थ्य, शिक्षा, ग्रामीण विकास एवं राजस्व विभाग की सहभागिता सुनिश्चित की गई है।

           बैठक में जिला पंचायत सदस्य श्रीमती मधु शुक्ला एवं श्रीमती मीरा सिंघनधुपे, मानव अधिकार आयोग की श्रीमती फिरोजा खान, जिला पंचायत के अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री गायत्री सारथी, परियोजना अधिकारी श्री विकास रघुवंशी, महिला एवं बाल विकास विभाग के जिला कार्यक्रम अधिकारी श्री देवेंद्र सुन्द्रियाल, सर्व शिक्षा अभियान के जिला परियोजना समन्वयक श्री घनश्याम बर्मन तथा मध्याह्न भोजन योजना की सुश्री सांत्वना अग्रवाल सहित जनपद पंचायतों के सीईओ, नगरीय निकायों के सीएमओ, बीआरसी एवं महिला एवं बाल विकास विभाग के परियोजना अधिकारी उपस्थित थे।