Home छत्तीसगढ़ हाई कोर्ट ने कहा:सरकार एयरपोर्ट का विकास नहीं चाहती तो AAI को...

हाई कोर्ट ने कहा:सरकार एयरपोर्ट का विकास नहीं चाहती तो AAI को सौंपे

8
0

रायपुर/बिलासपुर- बिलासपुर एयरपोर्ट को 4C श्रेणी में विकसित करने का वादा राज्य सरकार पिछले 9 साल से हाई कोर्ट में करती रही है। अब सरकार ने हाथ खड़े कर दिए हैं। बुधवार को सुनवाई के दौरान सरकार ने कहा कि एयरपोर्ट के अपग्रेडेशन के लिए फिलहाल 300 करोड़ रुपए नहीं हैं।

एयरलाइन कंपनियां बड़े विमान और उड़ानें चलाने की गारंटी देंगी, तभी इस पर विचार किया जाएगा। सरकार के इस बदले रुख पर चीफ जस्टिस कृष्णराम महापात्र और जस्टिस संतोष शर्मा की डिवीजन बेंच ने नाराजगी जताई। कोर्ट ने कहा कि सरकार पहले दिए गए शपथ पत्र और वादों से पीछे नहीं हट सकती।

यदि राज्य सरकार एयरपोर्ट का विकास नहीं करना चाहती तो इसे पूरी तरह एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया (एएआई) को सौंपने पर विचार करे। कोर्ट ने सरकार और एएआई दोनों से विकास और संचालन की जिम्मेदारी पर अपना रुख स्पष्ट करने को कहा है। अगली सुनवाई 21 दिसंबर को होगी।

बिलासा एयरपोर्ट के अपग्रेडेशन और हवाई सुविधाएं बढ़ाने की मांग को लेकर 2017 में लगाई गई जनहित याचिकाओं पर सुनवाई के दौरान यह मामला सामने आया। राज्य सरकार की ओर से अतिरिक्त महाधिवक्ता प्रवीण दास और याचिकाकर्ताओं की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता आशीष श्रीवास्तव और अधिवक्ता सुदीप श्रीवास्तव ने पक्ष रखा।

पहले वादा किया, अब पीछे कैसे हट सकती है सरकार?

हाई कोर्ट ने कहा कि सरकार पहले शपथ पत्र देकर एयरपोर्ट के विकास का भरोसा दे चुकी है। आज पदस्थ अधिकारी अपनी मर्जी से पहले दिए गए आश्वासनों से पीछे नहीं हट सकते। याचिकाकर्ताओं ने भी 2026 के एक आदेश का हवाला देकर सरकार के पुराने वादे याद दिलाए।

चीफ जस्टिस ने सवाल किया कि जब सरकार पहले ही कमिटमेंट कर चुकी है तो अब अपना रुख कैसे बदल सकती है? कोर्ट ने यह भी कहा कि इस संबंध में सरकार नया शपथ पत्र दाखिल करती है तो उसे स्वीकार नहीं किया जाएगा।

सरकार बोली- यात्री कम, इसलिए हो रहा घाटा राज्य सरकार ने कोर्ट में कहा कि बिलासपुर एयरपोर्ट पर यात्रियों की संख्या कम है। इससे सरकार को घाटा हो रहा है। एयरपोर्ट को 4C श्रेणी में विकसित करने के लिए बड़ी रकम चाहिए और फिलहाल 300 करोड़ रुपए उपलब्ध नहीं हैं। सरकार का कहना था कि एयरलाइन कंपनियां बड़े विमान और उड़ानें चलाने की गारंटी देंगी, तभी अपग्रेडेशन पर विचार होगा।

एएआई को जमीन का पूरा ब्योरा तक नहीं भेजा सुनवाई में यह भी सामने आया कि एएआई ने 12 अक्टूबर 2026 को ई-मेल भेजकर एयरपोर्ट की जमीन का क्षेत्रफल, स्वामित्व, किसी विवाद या भार की स्थिति और रनवे की लंबाई समेत दूसरी जानकारियां मांगी थीं। सरकार ने बताया कि ये जानकारियां 2 नवंबर को भेज दी गई हैं। हालांकि, हाई कोर्ट ने दस्तावेजों की जांच में पाया कि जमीन का पूरा ब्योरा नहीं भेजा गया।

103 करोड़ के दो प्रस्ताव पांच महीने से लंबित

याचिकाकर्ताओं की ओर से अधिवक्ता सुदीप श्रीवास्तव ने कहा कि रनवे विस्तार के लिए 63 करोड़ और नए एटीसी टावर के लिए 40 करोड़ रुपए का प्रस्ताव पिछले पांच महीने से मंत्रालय में लंबित है। दोनों प्रस्ताव मंजूर हो जाएं तो 103 करोड़ रुपए में ही 4C श्रेणी के लिए जरूरी आधे से ज्यादा काम हो सकते हैं।

उन्होंने यात्रियों की संख्या कम होने की दलील को भी गलत बताया। सरकार के शपथ पत्र के पैरा-6 के अनुसार 2021 में करीब 22 हजार यात्रियों ने बिलासपुर एयरपोर्ट से सफर किया था। इसके बाद 2022, 2023, 2024 और 2025 में हर साल 35 से 36 हजार यात्रियों ने हवाई यात्रा की।