Home छत्तीसगढ़ एसबीआई की सीएसआर पहल से 7 मेधावी विद्यार्थियों को लैपटॉप और 14...

एसबीआई की सीएसआर पहल से 7 मेधावी विद्यार्थियों को लैपटॉप और 14 बालिकाओं को मिली साइकिल

9
0

कलेक्टर आदित्य सिंह ने विद्यार्थियों को शिक्षा एवं तकनीकी ज्ञान के लिए किया प्रेरित

बालाघाट, । भारतीय स्टेट बैंक, बालाघाट द्वारा कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) के तहत विद्यार्थियों को शिक्षा के प्रति प्रोत्साहित करने एवं शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से लैपटॉप एवं साइकिल वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, बालाघाट के सभाकक्ष में आयोजित कार्यक्रम में कलेक्टर श्री आदित्य सिंह एवं भारतीय स्टेट बैंक के शाखा प्रबंधक श्री दीपक लखेरा ने जिले के 7 मेधावी विद्यार्थियों को लैपटॉप तथा 14 बालिकाओं को साइकिल वितरित की।

   लैपटॉप प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों में कु. अक्षरा घोड़ेश्वर (शासकीय उमावि छतेरा), शिवम बोपचे (शासकीय उमावि परसवाड़ाघाट), कु. भूमि बिसेन (शासकीय उमावि जाम, कटंगी), कु. कृतिका शिव (सांदीपनि विद्यालय, बालाघाट), कु. श्रुति मेश्राम (शासकीय उमावि छतेरा), कु. प्रिंसी उईके (सांदीपनि विद्यालय, परसवाड़ा) एवं कु. लक्ष्मी उईके (शासकीय उमावि गुडरू) शामिल हैं।

    इसी प्रकार साइकिल प्राप्त करने वाली 14 बालिकाओं में कु. वीशू हटवार, कु. सुहागिनी राणा, कु. श्रेया चौरे, कु. तनिषा, कु. संध्या धुर्वे, कु. आयशा प्रवीण कुरैशी, कु. प्रेमा टेकाम, कु. नव्या धुर्वे, कु. सोनाक्षी तेजी, कु. तृष्णा धुर्वे, कु. विद्या कावरे, कु. रानी सरोटे, कु. पुरवंशी मातरे एवं कु. आलिया खान शामिल हैं।

    इस अवसर पर कलेक्टर श्री आदित्य सिंह ने विद्यार्थियों को निरंतर मेहनत करने, आधुनिक तकनीक का सदुपयोग करने तथा अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने की समझाइश दी। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में शिक्षा के साथ तकनीकी ज्ञान का महत्व भी लगातार बढ़ रहा है। लैपटॉप मिलने से विद्यार्थियों को डिजिटल माध्यम से पढ़ाई करने और ऑनलाइन शैक्षणिक सामग्री का लाभ लेने में मदद मिलेगी। वहीं साइकिल मिलने से बालिकाओं को विद्यालय आने-जाने में सुविधा होगी और उनकी शिक्षा की निरंतरता बनी रहेगी।

    भारतीय स्टेट बैंक की यह पहल डिजिटल शिक्षा को बढ़ावा देने, मेधावी विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने तथा बालिका शिक्षा को सशक्त बनाने की दिशा में सराहनीय प्रयास है।

    कार्यक्रम में सहायक संचालक श्री सी.एम. मरावी, एडीपीसी श्री मोहित डेहरिया, विकासखंड शिक्षा अधिकारी श्रीमती मोनिका पटेल, प्राचार्य श्री शरद ज्योषिती, विद्यालय के शिक्षकगण, बैंक के अधिकारी-कर्मचारी एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।