Home छत्तीसगढ़ नक्सलवाद के खात्मे के बाद बालाघाट में विकास की नई राह

नक्सलवाद के खात्मे के बाद बालाघाट में विकास की नई राह

17
0

100 गांवों के कायाकल्प के लिए 330 करोड़ रुपये की कार्ययोजना

पीआईबी और जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में मीडिया कार्यशाला आयोजित

बालाघाट  । नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में विकास कार्यों, जमीनी बदलावों और शासन की योजनाओं की जानकारी देने के उद्देश्य से सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के प्रेस इन्फॉर्मेशन ब्यूरो (पीआईबी), भोपाल एवं जिला प्रशासन बालाघाट के संयुक्त तत्वावधान में मीडिया कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला में बालाघाट के पुलिस उप महानिरीक्षक श्री विनीत जैन, कलेक्टर श्री आदित्य सिंह, पुलिस अधीक्षक श्री मलय जैन, सहायक पुलिस महानिरीक्षक हॉक फोर्स श्री रवि द्विवेदी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री नितेश भार्गव, पीआईबी के निदेशक श्री मनीष गौतम, मीडिया प्रतिनिधि, नक्सल प्रभावित रहे क्षेत्र के सरपंच एवं युवा उपस्थित थे।

 

1239 अभियानों के बाद जिले से नक्सलवाद का खात्मा

पुलिस उप महानिरीक्षक श्री विनीत जैन ने बताया कि मार्च 2026 तक नक्सलवाद के खात्मे के लिए जिले में पुलिस एवं सुरक्षा बलों द्वारा 1239 अभियान चलाए गए। 14 जून 2025 को पचामा-दादर की पहाड़ियों में मुठभेड़ में 4 नक्सली मारे गए, जबकि 11 दिसंबर 2025 को 2 नक्सलियों के आत्मसमर्पण के साथ जिले से नक्सलवाद का खात्मा हुआ। 35 वर्षों के दौरान नक्सल हिंसा में 57 आम नागरिकों की हत्या हुई। जिले के 483 गांव नक्सल प्रभावित रहे, जिनमें 163 अति प्रभावित थे।

 

337 करोड़ के सड़क और पुल निर्माण से 250 गांवों की कनेक्टिविटी बेहतर

पिछले 5 वर्षों में 337 करोड़ रुपये की लागत से 35 सड़क एवं 43 पुल-पुलियों के कार्य कराए गए हैं। इनमें 241 करोड़ रुपये के 38 कार्य पूर्ण हो चुके हैं, जिससे 250 नक्सल प्रभावित गांवों का सड़क संपर्क बेहतर हुआ है। संचार सुविधाओं के विस्तार के लिए 90 मोबाइल टावर लगाए जा रहे हैं। ग्रामीणों की समस्याओं के समाधान के लिए 858 जन चौपाल आयोजित की गईं तथा दस्तावेज तैयार कराने के लिए 46 एकल सुविधा केंद्र संचालित किए जा रहे हैं। विद्यांजली योजना के तहत 250 स्कूलों में सुधार कार्य और सामुदायिक पुलिसिंग के अंतर्गत 1295 कैंप भी आयोजित किए गए हैं।

मिशन आदि सेवा से 100 गांवों का होगा कायाकल्प

कलेक्टर श्री आदित्य सिंह ने बताया कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देश पर नक्सल प्रभावित रहे 100 गांवों के समग्र विकास के लिए 15 से अधिक विभागों की 330 करोड़ रुपये की कार्ययोजना तैयार की गई है, जिसमें 266 करोड़ रुपये के कार्य स्वीकृत हो चुके हैं। ‘मिशन आदि सेवा’ के तहत सड़क, बिजली, पानी, शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण, रोजगार तथा 4G-5G कनेक्टिविटी जैसी सुविधाओं को अंतिम छोर तक पहुंचाने का लक्ष्य है।

जनजातीय संस्कृति और पर्यटन से खुलेंगे रोजगार के नए रास्ते

कलेक्टर श्री सिंह ने बताया कि प्रभावित क्षेत्रों में रोजगार और स्वरोजगार के साथ पर्यटन को भी आर्थिक गतिविधि का प्रमुख माध्यम बनाया जाएगा। बैगा एवं गोंड जनजातियों की सांस्कृतिक एवं सामाजिक विरासत को पर्यटन से जोड़ा जाएगा। बैगा संस्कृति के संरक्षण के लिए सांस्कृतिक पार्क एवं आर्ट गैलरी तथा स्थानीय हस्तशिल्प, बांस शिल्प, रेशम, गोंड पेंटिंग एवं अन्य उत्पादों के लिए ई-मार्केटप्लेस विकसित करने की योजना है। बैगा हाट और होम-स्टे को भी बढ़ावा दिया जाएगा।

GIS तकनीक और पोर्टल से विकास कार्यों की होगी निगरानी

प्रभावित क्षेत्रों में विकास कार्यों की निगरानी GIS तकनीक से की जा रही है। नागरिकों को उनकी पात्रता के अनुसार सरकारी योजनाओं से जोड़ने के लिए पोर्टल तैयार किया जा रहा है। इसके साथ ही स्थानीय स्तर पर रोजगार को बढ़ावा देने और पलायन की स्थिति का आकलन करने के लिए प्रत्येक गांव की पलायन पंजी तैयार की जा रही है।

नक्सलवाद के खात्मे के बाद विकास को मिलेगी गति : पुलिस अधीक्षक

पुलिस अधीक्षक श्री मलय जैन ने कहा कि तीन दशकों से अधिक समय तक नक्सलवाद बालाघाट के लिए बड़ी चुनौती रहा। इस दौरान वीर जवानों ने शहादत दी और जिले का बड़ा क्षेत्र विकास से अछूता रह गया। अब इसके खात्मे के बाद सभी विभागों के समन्वय से विकास को गति दी जाएगी।

नक्सलवाद के कारण प्रभावित हुई थी लोगों की आजादी : अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री नितेश भार्गव ने कहा कि संविधान का अनुच्छेद 19 सभी को आने-जाने, रहने और व्यवसाय करने की आजादी देता है, लेकिन नक्सलवाद के कारण प्रभावित क्षेत्र के लोगों की यह आजादी एक तरह से छिन गई थी। छत्तीसगढ़ और महाराष्ट्र की सीमा पर घने जंगलों से घिरे इस जिले में पुलिस एवं सुरक्षा बलों ने कठिन परिस्थितियों में नक्सलवाद खत्म करने में सफलता पाई। उन्होंने अभियान के दौरान जवानों के सामने आई चुनौतियों और परेशानियों का विस्तार से वर्णन किया।

विकास की संभावनाओं पर संवाद के लिए आयोजित हुई कार्यशाला : पीआईबी निदेशक

पीआईबी के निदेशक श्री मनीष गौतम ने बताया कि देश के सभी राज्यों से नक्सलवाद खत्म हो चुका है। मध्यप्रदेश में बालाघाट जिला नक्सलवाद से सर्वाधिक प्रभावित रहा है। नक्सलवाद के खात्मे के बाद क्षेत्र में विकास कार्यों एवं उनकी संभावनाओं को लेकर सुझाव और संवाद के उद्देश्य से इस मीडिया कार्यशाला का आयोजन किया गया है। उन्होंने इसे अच्छी पहल बताते हुए कहा कि इसके सकारात्मक परिणाम सामने आएंगे।

भय के साये से मुक्त हुआ जीवन, गांवों में महसूस हो रही शांति

कार्यशाला में ग्राम चुक्काटोला के जनपद सदस्य रामा मरकाम ने बताया कि नक्सलवाद के खात्मे के बाद उनका जीवन भय के साये से मुक्त हुआ है और गांव में शांति महसूस हो रही है। ग्राम पंचायत पाथरी की सरपंच नेहा धुर्वे ने कहा कि पहले शाम के बाद आवागमन में भय रहता था, जबकि अब गांव के लोग स्वयं को अधिक सुरक्षित और स्वतंत्र महसूस कर रहे हैं।

गांवों तक पहुंच रही शासन की योजनाएं, युवाओं ने साझा किए अनुभव

ग्राम बिठली की युवा बालिकाओं ने बताया कि नक्सलवाद के खात्मे के बाद गांव में सुविधाओं का विस्तार हो रहा है और शासन की योजनाओं की पहुंच भी बेहतर हुई है। इस दौरान मीडिया प्रतिनिधियों ने भी नक्सल प्रभावित रहे क्षेत्रों के विकास और वहां की संभावनाओं को लेकर अपने सुझाव रखे।

संलग्‍न फोटो क्रमांक:- 01 से 14