Home छत्तीसगढ़ बिना अनुज्ञा पत्र मक्का का परिवहन करते पकड़ा गया वाहन, 76,493 रुपये...

बिना अनुज्ञा पत्र मक्का का परिवहन करते पकड़ा गया वाहन, 76,493 रुपये वसूले

8
0

मंडी उड़नदस्ता दल ने सिवनी-गोंदिया मार्ग पर की कार्रवाई, 349 क्विंटल मक्का का हो रहा था अवैध परिवहन

बालाघाट । कृषि उपज मंडी समिति लालबर्रा के उड़नदस्ता दल ने 12 नवंबर की रात्रि को सिवनी-गोंदिया मार्ग पर कार्रवाई करते हुए बिना अनुज्ञा पत्र के मक्का का परिवहन कर रहे एक वाहन को पकड़ा। वाहन में 349 क्विंटल मक्का का परिवहन किया जा रहा था। मंडी अधिनियम के उल्लंघन पर संबंधित फर्म से कुल 76 हजार 493 रुपये की राशि वसूल की गई।

    प्राप्त जानकारी के अनुसार संयुक्त संचालक एवं अपर कलेक्टर मंडी बोर्ड जबलपुर शाहिद खान तथा तहसीलदार एवं भारसाधक अधिकारी मंडी समिति लालबर्रा भूपेंद्र अहिरवार के निर्देश पर मंडी उड़नदस्ता दल द्वारा क्षेत्र में रात्रिकालीन निरीक्षण किया जा रहा था। इसी दौरान वाहन क्रमांक CG-08-AV-3311 को बिना मंडी अनुज्ञा पत्र के कृषि उपज मक्का का परिवहन करते हुए पकड़ा गया। उक्त वाहन में मेसर्स सप्तर्षि इंटरप्राइजेज छिंदवाड़ा द्वारा छिंदवाड़ा से कटक (ओडिशा) मक्का का परिवहन किया जा रहा था।

     जांच में वाहन में 349 क्विंटल मक्का पाया गया। इस पर मध्यप्रदेश कृषि उपज मंडी अधिनियम 1972 की धारा 19(6) के उल्लंघन पर कार्रवाई करते हुए पांच गुना मंडी शुल्क के रूप में 63 हजार 82 रुपये, समझौता शुल्क 5 हजार रुपये तथा निराश्रित शुल्क के रूप में 8 हजार 411 रुपये सहित कुल 76 हजार 493 रुपये की राशि वसूल की गई।

      इस कार्रवाई में मंडी निरीक्षक पार्वती पट्टावी, मंडी निरीक्षक पूनम ठाकुर, उप निरीक्षक सुबोध मेश्राम एवं पीयूष उरोड़े, सहायक ग्रेड-3 शामिल रहे। मंडी समिति द्वारा मंडी क्षेत्र में अवैध परिवहन एवं बिना अनुज्ञा पत्र कृषि उपज के आवागमन पर निगरानी रखी जा रही है।