मेंढरा, भक्कूटोला, साकरीटोला एवं सिरका पहुंचकर ग्रामीणों से किया संवाद, समस्याओं के निराकरण के दिए निर्देश
कलेक्टर एवं एसपी ने बोरवन में ग्रामीणों से किया संवाद
बालाघाट । कलेक्टर श्री आदित्य सिंह ने 13 नवंबर को किरनापुर विकासखंड के पूर्व नक्सल प्रभावित ग्राम मेंढरा, भक्कूटोला, साकरीटोला एवं सिरका का भ्रमण कर प्रस्तावित विकास कार्यों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। ग्राम बोरवन में कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक श्री मलय जैन ने ग्रामीणों से चर्चा की। इस दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री नितेश भार्गव भी मौजूद रहे।
मेंढरा के आंगनवाड़ी केंद्र का किया निरीक्षण
कलेक्टर श्री सिंह ने ग्राम मेंढरा के आंगनवाड़ी केंद्र का निरीक्षण कर बच्चों की उपस्थिति, कुपोषित बच्चों, टीकाकरण एवं पोषण आहार वितरण की जानकारी ली। केंद्र की व्यवस्थाएं एवं कार्यकर्ता का कार्य संतोषजनक पाए जाने पर उन्होंने प्रशंसा की। उन्होंने केंद्र में बर्तन, बच्चों की ऊंचाई मापने की मशीन एवं खिलौने उपलब्ध कराने तथा भवन निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ करने के निर्देश दिए। आंगनवाड़ी कार्यकर्ता के उत्कृष्ट कार्य को देखते हुए उन्हें 26 जनवरी के गणतंत्र दिवस समारोह में सम्मानित करने की बात भी कही।

चारों गांवों के ग्रामीणों ने बताया कि रोजगार के लिए उन्हें हैदराबाद एवं नागपुर जाना पड़ता है। इस पर कलेक्टर ने कहा कि वीबी-जीराम जी योजना के तहत प्रत्येक जॉब कार्डधारी को वर्ष में कम से कम 150 दिनों का रोजगार गांव में ही उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने बताया कि 330 रुपये प्रतिदिन की मजदूरी मिलने से ग्रामीणों को रोजगार के लिए परिवार छोड़कर बाहर जाने की आवश्यकता नहीं होगी।
स्टॉप डेम और सड़क निर्माण से बढ़ेंगी सुविधाएं
कलेक्टर ने गांवों में नालों एवं नदियों के पानी को रोकने के लिए बड़ी संख्या में स्टॉप डेम बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पक्की सड़कों के साथ पुल-पुलियों पर बॉक्स कल्वर्ट एवं जल संरक्षण की संरचनाएं बनाई जाएंगी, जिससे ग्रामीणों को सिंचाई के लिए पानी उपलब्ध हो सकेगा।
कलेक्टर ने ग्रामीणों को पशुपालन, बकरीपालन एवं मुर्गीपालन अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा कि दुग्ध उत्पादन बढ़ने पर गांव को मिल्क रूट से जोड़ा जाएगा। शिक्षित युवाओं को स्वरोजगार योजनाओं के तहत ऋण लेकर व्यवसाय शुरू करने तथा महिलाओं को आजीविका मिशन के स्व-सहायता समूहों से जुड़कर सिलाई, कढ़ाई, दोना-पत्तल एवं झाड़ू निर्माण जैसी गतिविधियां अपनाने की सलाह दी।
मेंढरा में सड़क एवं पेयजल व्यवस्था का लिया जायजा
ग्राम मेंढरा में ग्रामीणों ने नाले से मिट्टी का कटाव होने की शिकायत की। इस पर कलेक्टर ने जनपद सीईओ को रिटेनिंग वॉल निर्माण का प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए। गांव में नलजल योजना एवं सोलर लाइट व्यवस्थित रूप से संचालित मिली। युवा रामचंद मर्सकोले द्वारा 33 घरों में नल से पानी पहुंचाने की व्यवस्था की जा रही है। ग्रामीणों ने राशन दुकान पीपलगांव में शुरू करने एवं पक्की सड़क की मांग रखी। इस पर बताया गया कि मेंढरा से लोढ़ांगी चौकी तक प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना में सड़क स्वीकृत हो चुकी है।
भक्कूटोला में आंगनवाड़ी एवं बिजली समस्या के निराकरण के निर्देश
ग्राम भक्कूटोला के आंगनवाड़ी केंद्र में 24 बच्चे दर्ज पाए गए, जिनमें 2 बच्चे एसएएम एवं 4 बच्चे एमएएम श्रेणी के हैं। एमएएम श्रेणी के बच्चों का एनआरसी में उपचार कराया जा चुका है। केंद्र में शौचालय नहीं होने पर कलेक्टर ने सरपंच एवं सचिव को निर्माण कराने के निर्देश दिए। ग्रामीणों द्वारा नाले से जमीन कटाव की शिकायत पर रिटेनिंग वॉल का प्रस्ताव तैयार करने को कहा गया। वहीं बिजली के कम वोल्टेज एवं बंद नलजल योजना की समस्या का शीघ्र निराकरण करने तथा योजना में बिजली कनेक्शन लेकर उसे चालू कराने के निर्देश दिए।
साकरीटोला में स्टॉप डेम और सड़क निर्माण पर जोर
कलेक्टर श्री सिंह ने ग्राम साकरीटोला के प्राथमिक शाला का निरीक्षण किया और ग्रामीणों से चर्चा की। उन्होंने गांव के आसपास नालों पर अधिक संख्या में स्टॉप डेम बनाने तथा ककोड़ी से साकरीटोला तक प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना की सड़क का कार्य शीघ्र स्वीकृत कराने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।
प्राथमिक शाला सिरका के शिक्षकों को किया जाएगा सम्मानित
ग्राम सिरका के प्राथमिक शाला के निरीक्षण में पाया गया कि स्व-सहायता समूह द्वारा मध्यान्ह भोजन तैयार नहीं किया जा रहा है। शिक्षक युवराज सिंह दशमेर एवं राजेश नगपुरे स्वयं सामग्री लाकर रसोइये के माध्यम से बच्चों के भोजन की व्यवस्था कर रहे थे। शिक्षकों ने बताया कि समूह के खाते में राशि जाने के कारण उन्हें अपने खर्च से भोजन की व्यवस्था करनी पड़ रही है। कलेक्टर श्री सिंह ने मामले को गंभीरता से लेते हुए किरनापुर बीआरसी को मध्यान्ह भोजन की राशि शिक्षकों के खाते में शीघ्र हस्तांतरित कराने के निर्देश दिए। साथ ही दोनों शिक्षकों की बच्चों के प्रति प्रतिबद्धता की सराहना करते हुए उन्हें 26 जनवरी को सम्मानित करने की बात कही।
बोरवन में ग्रामीणों से किया संवाद, मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश
ग्राम बोरवन में कलेक्टर श्री आदित्य सिंह एवं पुलिस अधीक्षक श्री मलय जैन ने ग्रामीणों से संवाद किया। ग्रामीणों ने बताया कि गांव में 18 परिवार निवास करते हैं और यहां आंगनवाड़ी केंद्र, नलजल योजना, वन अधिकार पट्टा एवं श्मशान घाट की आवश्यकता है। वर्तमान में ग्रामीण हैंडपंप के पानी पर निर्भर हैं। इस पर कलेक्टर ने गांव में नलजल योजना तैयार करने एवं सरपंच-सचिव को श्मशान घाट बनवाने के निर्देश दिए। उन्होंने पात्रता के अनुसार वर्ष 2005 के पूर्व से वन भूमि पर काबिज लोगों को वन अधिकार पट्टा दिलाने तथा गांव में सभामंच बनाने की बात भी कही।
गांवों में जल्द शुरू होंगे विकास कार्य
कलेक्टर श्री सिंह ने ग्रामीणों से अपील की कि वे रोजगार के लिए बाहर पलायन करने के बजाय गांव में ही शुरू होने वाले निर्माण एवं विकास कार्यों में भागीदारी करें। उन्होंने आश्वस्त किया कि पूर्व नक्सल प्रभावित सभी गांवों में शीघ्र ही विकास कार्य प्रारंभ किए जाएंगे, जिससे ग्रामीणों को रोजगार के साथ सड़क, पेयजल, सिंचाई एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं का लाभ मिल सकेगा।
कलेक्टर श्री सिंह ने ग्राम पौनी के आयुष्मान आरोग्य मंदिर का निरीक्षण कर वहॉ उपलब्ध सुविधाओ की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने समीप ही बन रहे सामुदायिक भवन का कार्य शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिये।
संलग्न फोटो क्रमांक:- 12 से 27




