बालाघाट । कलेक्टर श्री आदित्य सिंह की अध्यक्षता में 12 नवम्बर को जिला जल उपयोगिता समिति की बैठक आयोजित की गई। विधायक श्री गौरव सिंह पारधी, श्री राजकुमार कर्राहे, श्रीमती अनुभा मुंजारे, किसान संगठन के पदाधिकारी, सिंचाई एवं कृषि विभाग के अधिकारियों की उपस्थिति में आयोजित इस बैठक में रबी सीजन में फसलों की सिंचाई के लिए पानी की उपलब्धता पर चर्चा की गई।
बैठक में बताया गया कि इस वर्ष जिले में औसत से कम बारिश हुई है। जिसके कारण जिले के जलाशयों में रबी सीजन में सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी उपलब्ध नही है। बैठक में तय किया गया कि रबी सीजन में धान की फसल के लिए नहरों से पानी नही दिया जाएगा। अत: किसान रबी सीजन में धान की बजाय चना, सरसों, मसूर, कुसुम की फसल लगाए। राजीव सागर बांध में अत्यंत कम पानी होने के कारण इस परियोजना की नहर से रबी सीजन में सिंचाई के लिए पानी उपलब्ध नही हो पाएगा। ढूटीं, खराडी एवं अन्य लघु एवं मध्यम सिंचाई परियोजना से सीमित क्षेत्र में ही चना, सरसों, मसूर, कुसुम की सिंचाई के लिए पानी दिया जाएगा।

बैठक में विधायक श्री गौरव सिंह पारधी, श्री राजकुमार कर्राहे एवं श्रीमती अनुभा मुंजारे ने कहा कि सिंचाई विभाग के अधिकारी किसानों से संपर्क कर उन्हें स्पष्ट जानकारी उपलब्ध करा दे कि रबी सीजन में धान की सिंचाई के लिए नहर से पानी नही मिलेगा। अत: धान की बजाय कम पानी में पकने वाली अन्य फसल लगाए। उन्होंने सिंचाई विभाग के अधिकारियों से कहा कि वे स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ संपर्क बनाये रखे और उनसे सिंचाई की कार्य योजना साझा करें।
विधायक श्री गौरव सिंह पारधी ने कहा कि सिंचाई विभाग के अधिकारी वैनगंगा एवं बावनथडी नदी में अधिक संख्या में एनीकेट एवं स्टॉप डेम आदि बनाने के प्रस्ताव तैयार करें, जिससे जिले में अधिक मात्रा में पानी उपलब्ध हो सकेगा। उन्होंने बताया कि महाराष्ट्र के भण्डारा एवं गोंदिया जिले में इन नदियों पर अधिक संख्या में एनीकेट बनाए गए है। अत: बालाघाट जिले में भी सिंचाई विभाग को इस दिशा में कार्य करने की आवश्यकता है।
बैठक में सिंचाई विभाग की नहरों के जर्जर होने एवं उनके सफाई एवं सुधार कार्य की आवश्यकता बतायी गई। इस पर कलेक्टर श्री आदित्य सिंह ने सिंचाई विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि विकसित भारत जी रामजी योजना में नहरों के सुधार व मरम्मत कार्य के प्रस्ताव शीघ्र तैयार करें। बैठक में कम वर्षा के कारण गर्मियों के दिनों में नगरीय क्षेत्रों में पेयजल की समस्या न हो इसके लिए कार्य योजना बनाने की आवश्यकता बतायी गई। इस पर कलेक्टर श्री सिंह ने कहा कि शीघ्र ही संबंधित विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक कर इस पर निर्णय लिया जाएगा।
बैठक में उपसंचालक कृषि श्री फूलसिंह मालवीय ने बताया कि कृषि विभाग का अमला गांव में चौपाल लगाकर किसानों को धान के स्थान पर चना, सरसों, मसूर, कुसुम की फसल लगाने के लिए प्रोत्साहित कर रहा है और किसानों को इसके बीज भी उपलब्ध कराए जा रहे है। बैठक में वैनगंगा संभाग के कार्यपालन यंत्री श्री युगल सिंह ठाकुर, जल संसाधन सर्वेक्षण संभाग के कार्यपालन यंत्री श्री घनश्याम मरावी, सिंचाई विभाग के एसडीओ, उपसंचालक कृषि श्री फूलसिंह मालवीय एवं अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
संलग्न फोटो क्रमांक:- 22 से 24




