बालाघाट नगरपालिका क्षेत्र के वार्ड 2, 4 और 33 में आयोजित हुए गृह प्रवेश कार्यक्रम
बालाघाट, । विजयदशमी के अवसर पर 20 अक्टूबर को मध्यप्रदेश शासन के निर्देशानुसार प्रधानमंत्री आवास योजना 2.0 के तहत नगरपालिका परिषद बालाघाट क्षेत्र में नवनिर्मित आवासों में गृह प्रवेश कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान विभिन्न वार्डों में आवास निर्माण पूर्ण करने वाले हितग्राहियों ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर अपने नए घरों में प्रवेश किया।

कार्यक्रम की शुरुआत वार्ड क्रमांक 2 से हुई। यहां नेता प्रतिपक्ष योगराज कारो लिल्हारे की उपस्थिति में हितग्राही श्रीमती दयावंती धुवारे ने नवनिर्मित आवास में गृह प्रवेश किया। इसी वार्ड में श्रीमती भारती प्रजापति एवं श्रीमती सुशीला बाघमारे ने भी अपने आवासों का निर्माण पूर्ण होने पर विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर गृह प्रवेश किया।
इसी क्रम में वार्ड क्रमांक 4 में तीन हितग्राहियों के आवास पूर्ण होने पर वार्ड पार्षद विनोद बसेने की उपस्थिति में गृह प्रवेश कार्यक्रम आयोजित किया गया। वहीं, वार्ड क्रमांक 33 में श्रीमती संगीता हलकरे ने अपने परिवार के सदस्यों के साथ नवनिर्मित आवास में गृह प्रवेश किया।
कार्यक्रम में मुख्य नगरपालिका अधिकारी सूर्यप्रकाश उके, उपयंत्री शील भालेवार, आनंद कुमार श्रीवास्तव, फील्ड इंजीनियर देवेंद्र दमाहे, विलास सोनी, राहुल केलकर, कपिल धैर्यकर, रामप्रसाद लिल्हारे एवं योगराज टेंभरे सहित हितग्राहियों के परिजन और बड़ी संख्या में वार्डवासी उपस्थित रहे।




