19 स्वयंसेवक विद्यार्थियों ने लिया भाग, लिखित एवं मौखिक माध्यम से हुई परीक्षा
बालाघाट, । उच्च शिक्षा विभाग, मध्यप्रदेश शासन के निर्देशानुसार वीरांगना रानी अवंती बाई शासकीय महाविद्यालय, खैरलांजी में शुक्रवार, 16 अक्टूबर को राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के सत्र 2025-26 की ‘बी’ प्रमाण पत्र परीक्षा आयोजित की गई। महाविद्यालय के प्राचार्य श्री नीरज सिंह ठाकुर के निर्देशन एवं राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी श्री रोहित कुमार पाण्डेय के मार्गदर्शन में आयोजित इस परीक्षा में 19 स्वयंसेवक विद्यार्थियों ने भाग लिया।
परीक्षा में सत्र 2024-25 एवं 2025-26 के पंजीकृत ऐसे स्वयंसेवकों को शामिल किया गया, जिन्होंने राष्ट्रीय सेवा योजना के अंतर्गत दो सत्रों में आयोजित सात दिवसीय विशेष शिविरों में अपनी उपस्थिति दर्ज कराते हुए सक्रिय सहभागिता निभाई थी। परीक्षा का संचालन महाविद्यालय की एनएसएस समिति द्वारा किया गया। इसमें विद्यार्थियों के ज्ञान, अनुभव एवं सेवा गतिविधियों से संबंधित समझ का मूल्यांकन करने के लिए लिखित और मौखिक दोनों माध्यमों का उपयोग किया गया।

कार्यक्रम अधिकारी श्री रोहित कुमार पाण्डेय ने बताया कि राष्ट्रीय सेवा योजना विद्यार्थियों में समाजसेवा, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करने का महत्वपूर्ण माध्यम है। एनएसएस का ‘बी’ प्रमाण पत्र विद्यार्थियों के लिए उपयोगी उपलब्धि है, जो उनके शैक्षणिक एवं व्यावसायिक भविष्य में सहायक हो सकता है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना के माध्यम से विद्यार्थियों को समाज और राष्ट्र के विकास में सक्रिय योगदान देने के लिए प्रेरित किया जाता है।
परीक्षा में सफल होने वाले स्वयंसेवक विद्यार्थियों को एनएसएस का ‘बी’ प्रमाण पत्र प्रदान किया जाएगा। इससे विद्यार्थियों को अपनी उपलब्धियों को प्रमाणित करने तथा भविष्य में विभिन्न अवसरों के लिए अपनी योग्यता को मजबूत करने में मदद मिलेगी। इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य श्री नीरज सिंह ठाकुर, आईक्यूएसी प्रभारी डॉ. एस.के. अब्दुस शमीम, एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी श्री रोहित कुमार पाण्डेय तथा एनएसएस समिति के सदस्य श्री वीरेन्द्र कुमार पटले, श्रीमती शालिनी मेश्राम, श्री वैभव लांजेवार, श्री सुनील देवारे एवं श्रीमती पल्लवी सहित एनएसएस के स्वयंसेवक छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
संलग्न फोटो क्रमांक:- 20 से 22




