Home छत्तीसगढ़ खुर्सीपार में मनाया गया जल अर्पण दिवस, नल-जल योजना ग्राम पंचायत को...

खुर्सीपार में मनाया गया जल अर्पण दिवस, नल-जल योजना ग्राम पंचायत को सौंपी

8
0

अनुसूचित जनजाति आयोग सदस्य श्री भगत सिंह नेताम और जिला पंचायत सदस्य अनुपमा नेताम की उपस्थिति में ग्रामीणों ने लिया जल संरक्षण का संकल्प

बालाघाट,  । लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के कार्यपालन यंत्री श्री बी.एल. उइके के मार्गदर्शन में 17 अक्टूबर को विकासखंड बिरसा के ग्राम खुर्सीपार में जल अर्पण दिवस मनाया गया। इस अवसर पर गांव की नल-जल योजना को औपचारिक रूप से ग्राम पंचायत एवं स्थानीय समुदाय को हस्तांतरित किया गया। कार्यक्रम में ग्रामीणों, स्कूली बच्चों और जनप्रतिनिधियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए जल संरक्षण एवं जल स्रोतों को स्वच्छ रखने का संकल्प लिया।

प्रभात फेरी निकालकर दिया जल संरक्षण का संदेश

जल अर्पण दिवस के अवसर पर ग्राम खुर्सीपार में विभिन्न जागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया गया। ग्रामीणों और स्कूली बच्चों ने जल संरक्षण के नारों से लिखी तख्तियां लेकर प्रभात फेरी निकाली तथा लोगों को पानी की महत्ता और उसके संरक्षण के प्रति जागरूक किया। इसके साथ ही जल स्रोतों की पूजा-अर्चना कर जल वंदना की गई तथा नल-जल योजना की संरचनाओं का जल श्रृंगार किया गया।

कार्यक्रम में उपस्थित जनसमुदाय को जल संकल्प की शपथ दिलाई गई। ग्रामीणों ने पानी की प्रत्येक बूंद को सहेजने, जल स्रोतों को स्वच्छ रखने तथा पानी का अनावश्यक अपव्यय रोकने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के माध्यम से ग्रामीणों को जल संरक्षण के साथ-साथ नल-जल योजना के नियमित संचालन और रखरखाव के प्रति जागरूक किया गया।

योजना के संचालन और रखरखाव की जिम्मेदारी अब ग्रामीणों की

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व विधायक एवं मध्यप्रदेश अनुसूचित जनजाति आयोग के सदस्य श्री भगत सिंह नेताम तथा जिला पंचायत सदस्य श्रीमती अनुपमा नेताम उपस्थित रहीं। अतिथियों ने कहा कि प्रत्येक नागरिक को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराना महत्वपूर्ण है। नल-जल योजना से ग्रामीणों को पेयजल की सुविधा मिलेगी और उनके जीवन स्तर में सुधार आएगा।

उन्होंने ग्रामीणों से योजना को अपनी संपत्ति मानकर उसकी देखरेख करने तथा नियमित संचालन में सहयोग देने की अपील की। योजना के हस्तांतरण के साथ ही ग्राम पंचायत और स्थानीय समुदाय की भूमिका भी महत्वपूर्ण हो गई है। योजना का बेहतर रखरखाव सुनिश्चित करने से ग्रामीणों को लंबे समय तक इसका लाभ मिल सकेगा।

जनप्रतिनिधियों एवं विभागीय अधिकारियों ने निभाई सहभागिता

कार्यक्रम में ग्राम सरपंच पति श्री फगनसिंह धुर्वे, ग्राम पंचायत सचिव श्री उमेश रहांगडाले, ग्राम पंचायत के पंचगण, शासकीय माध्यमिक शाला के प्रधानाध्यापक श्री नगपुरे, शिक्षिका श्रीमती चौहान, आशा सहयोगी श्रीमती आशा मरकाम, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता तथा पंप ऑपरेटर उपस्थित रहे।

लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग की ओर से ब्लॉक समन्वयक श्री फनीश रंगारे, पीएमयू समन्वयक श्री शीतल मिश्रा एवं श्री हरीश झा ने सहभागिता की। विभागीय टीम ने ग्रामीणों को नल-जल योजना के तकनीकी पहलुओं तथा उसके सुचारु संचालन और रखरखाव की जानकारी दी।

नल-जल योजना ग्राम पंचायत एवं स्थानीय समुदाय को सौंपे जाने पर ग्रामीणों ने प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने योजना का लाभ निरंतर प्राप्त करने के लिए इसके उचित रखरखाव और जल संरक्षण में सहयोग देने का भरोसा जताया। जल अर्पण दिवस के आयोजन ने ग्रामवासियों को जल संरक्षण के प्रति जागरूक करने के साथ ही सामुदायिक सहभागिता का संदेश भी दिया।