प्रभावित ग्रामों में स्वास्थ्य, स्वच्छता, पेयजल एवं पोषण पर विशेष ध्यान देने के निर्देश
कलेक्टर श्री कुमार सत्यम ने बिरसा विकासखंड के बीमारी से प्रभावित ग्रामों में स्वास्थ्य, पेयजल, आंगनवाड़ी, राशन वितरण एवं स्कूलों की सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए संबंधित विभागों के अधिकारियों को प्रतिदिन प्रभावित ग्राम कुंडेकसा, अडोरी, कोरका, बोंदारी, गठिया, मछुरदा, घुम्मुर का भ्रमण कर विभागीय योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन करने के निर्देश दिए हैं। कलेक्टर श्री कुमार सत्यम ने 14 अगस्त को स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास विभाग, जनजातीय कार्य विभाग, जिला आपूर्ति, सर्व शिक्षा अभियान एवं लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के अधिकारियों की बैठक लेकर बीमारी से प्रभावित ग्रामों का भ्रमण करने के निर्देश दिए। बैठक में जिला पंचायत सीईओ श्री अभिषेक सराफ भी उपस्थित थे।
कलेक्टर श्री कुमार सत्यम ने निरीक्षण के दौरान प्रभावित ग्रामों में आंगनवाड़ी केंद्रों की सेवाएं संतोषजनक नहीं पाए जाने पर बिरसा की बाल विकास परियोजना अधिकारी को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए हैं कि क्यों न उनकी 02 वेतन वृद्धि रोक दी जाए। उन्होंने सभी अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि उन्हें केवल ग्रामों का भ्रमण नहीं करना है, बल्कि अपने सामने आंगनवाड़ी के बच्चों को पोषण आहार का वितरण एवं शालाओं में मध्यान्ह भोजन कराना है। इसी प्रकार लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के अधिकारी को जल स्रोतों की साफ-सफाई और उनका क्लोरीनेशन मौके पर रहकर कराना है। नलजल योजना के जल स्रोतों की जांच करने कहा गया। सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग को छात्रावास में भोजन, साफ-सफाई एवं शुद्ध पेयजल की व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने एवं छात्रावासों के बच्चों को मच्छरदानी दिलाने के निर्देश दिए। छात्रावास अधीक्षक छात्रावासों की साफ-सफाई एवं स्वच्छता पर ध्यान दे रहे हैं या नहीं, इसकी भी निगरानी की जाए।
बैठक में सर्व शिक्षा अभियान के जिला परियोजना समन्वयक एवं सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग को शालाओं एवं छात्रावासों में बच्चों की उपस्थिति एवं उनकी पढ़ाई पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए। जिला आपूर्ति अधिकारी को निर्देशित किया गया कि क्षेत्र की उचित मूल्य दुकानों से सभी हितग्राहियों को राशन का वितरण अपने समक्ष कराएं। महिला एवं बाल विकास विभाग के जिला कार्यक्रम अधिकारी को आंगनवाड़ी केंद्रों की सेवाओं में सुधार लाने एवं बच्चों के पोषण स्तर पर कड़ी निगरानी रखने की व्यवस्था बनाने कहा गया।
कलेक्टर श्री कुमार सत्यम ने बैठक में कहा कि अधिकारियों को प्रभावित ग्रामों में प्रतिदिन केवल उपस्थित नहीं होना है, बल्कि वहां पर विभागीय योजनाओं एवं गतिविधियों का समक्ष में प्रभावी क्रियान्वयन करना है। प्रभावित ग्रामों में स्वास्थ्य विभाग की ओर से मच्छरदानी वितरण के साथ ही मच्छर मारने के लिए फॉगिंग मशीन से धुआं आदि किया जाए। प्रभावित ग्रामों की शालाओं, आंगनवाड़ी केंद्रों, छात्रावासों, स्वास्थ्य केंद्रों, उचित मूल्य दुकानों के परिसरों को साफ-सुथरा बनाने के लिए घास एवं झाड़ियां काटने तथा नियमित रूप से सफाई करने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर श्री कुमार ने कहा कि अधिकारियों को प्रभावित ग्रामों का भ्रमण करने के साथ ही उनके द्वारा की गई प्रतिदिन की गतिविधियों की रिपोर्ट एवं डाटा एसडीएम कार्यालय बैहर के कंट्रोल रूम को देना होगा।




