घर-घर तिरंगा अभियान के तहत स्व-सहायता समूह की बहनों ने सैन्य एवं पुलिस कर्मियों को भेजा पत्र
बालाघाट- देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के हर घर तिरंगा फहराने के राष्ट्रव्यापी अभियान तथा मध्यप्रदेश शासन के निर्देशानुसार नगर पालिका परिषद बालाघाट के शहरी आजीविका मिशन में पंजीकृत स्व-सहायता समूह की बहनों ने भारत की सीमा सुरक्षा में तैनात जवानों और पुलिस कर्मियों को पत्र लिखा। साथ ही 9 अगस्त से 17 अगस्त तक चलाये जा रहे हर घर तिरंगा अभियान के तहत रंगोली प्रतियोगिता, तिरंगे के साथ सेल्फी, वार्डो में पहुंचकर राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान एवं जागरूकता बढ़ाने नागरिकों को अपने घरों पर तिरंगा फहराने के लिये प्रेरित किया गया।
नगर पालिका परिषद बालाघाट अध्यक्ष भारती सुरजीत सिंह ठाकुर, मुख्य नगर पालिका अधिकारी सूर्यप्रकाश उके तथा नपा में विभागों के सभापतियों के निर्देशन एवं संबंधित वार्डो के पार्षदों के साथ हर घर तिरंगा अभियान 2026 के तहत बालाघाट कार्यालय में सेल्फी प्वाइंट तैयार किया गया एवं भारत माता एवं तिरंगे की आकर्षक रंगोली उकेरी गई। इसका उद्देश्य नागरिकों को अधिक से अधिक रंगे के साथ तस्वीरें लेकर अभियान से जोडऩा रहा है। अभियान को लेकर विभिन्न नवाचार किये गये जिसमें राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन नगरपालिका की डे-एनयूएलएम टीम ने पंजीकृत स्वसहायता समूहों के साथ वार्डो में पहुंचकर घर-घर तिरंगा अभियान की जानकारी दी एवं दीनदयाल रसोई पहुंचकर नागरिकों को प्रेरित किया गया कि राष्ट्रीय ध्वज देश का अभिमान है इस भावना को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य किया गया।

स्व-सहायता समूह की बहनो ने देश की सीमा पर तैनात जवानों तथा जनसुरक्षा में करने वाले पुलिस कर्मियों को पत्र लेखन किया गया। वहीं नगर पालिका परिषद बालाघाट में हर घर तिरंगा अभियान अंतर्गत राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन में पंजीकृत स्व सहायता समूह में मां स्व सहायता समूह, ओम शांति स्व सहायता समूह, नमस्वी स्व सहायता समूह, रानी दुर्गावती समूह, उज्ज्वला समूह, अरिहंत समूह एवं अन्य समूह की बहनों तथा नगर पालिका एनयूएलएम की टीम द्वारा घर घर जाकर हर घर तिरंगा अभियान के लिये नागरिकों को प्रेरित किया गया। अभियान के तहत सभापति योगिता विनय बोपचे के साथ ही दीनदयाल अंत्योदय योजना राष्ट्रीय शहरी आजीविका सिटी मिशन मैनेजर श्रीमती ममता नगपुरे, दीपक बिठले, विशाल श्रीवास, धनेंद्र धुर्वे, लक्ष्मीचंद बहेटवार की उल्लेखनीय भूमिका रही।




