BREAKING

बालाघाट

भमोड़ी और खैरी में रेत के अवैध परिवहन पर खनिज विभाग की छापामार कार्रवाई, 4 ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त

सभी वाहनों को कलेक्टर कार्यालय परिसर में रखा गया

बालाघाट-  जिले में खनिजों के अवैध उत्खनन एवं परिवहन की रोकथाम के लिए खनिज विभाग द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में खनिज अमले ने बालाघाट तहसील के ग्राम भमोड़ी एवं खैरी में छापामार कार्रवाई करते हुए खनिज रेत के अवैध परिवहन में संलिप्त 4 ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को जब्त किया है।

खनिज विभाग के अनुसार 12 अगस्त 2026 को ग्राम भमोड़ी में जांच के दौरान एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को खनिज रेत का अवैध परिवहन करते पाए जाने पर जब्त किया गया। वहीं 13 अगस्त को ग्राम भमोड़ी से 2 तथा ग्राम खैरी से 1 ट्रैक्टर-ट्रॉली को रेत के अवैध परिवहन करते पाए जाने पर जब्त किया गया।

उप संचालक खनिज सुश्री फरहत जहां ने बताया कि जब्त किए गए सभी वाहनों को अभिरक्षा की दृष्टि से कार्यालय कलेक्टर (खनिज शाखा) बालाघाट परिसर में रखा गया है। विभाग द्वारा इन सभी वाहनों के विरुद्ध मध्यप्रदेश खनिज (अवैध खनन, परिवहन तथा भंडारण का निवारण) नियम, 2022 के प्रावधानों के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।खनिज विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में खनिजों के अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Related Posts