निबंध, पोस्टर, रंगोली, व्याख्यान एवं शपथ के माध्यम से विद्यार्थियों को किया जागरूक
खैरलांजी- आयुक्त, उच्च शिक्षा विभाग भोपाल के निर्देशानुसार वीरांगना रानी अवंती बाई शासकीय महाविद्यालय, खैरलांजी में मंगलवार को “नशे से दूरी है जरूरी 2.0” अभियान के अंतर्गत राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) एवं रेड रिबन क्लब के संयुक्त तत्वावधान में विभिन्न जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम महाविद्यालय के प्राचार्य श्री नीरज सिंह ठाकुर के निर्देशन तथा राष्ट्रीय सेवा योजना एवं रेड रिबन क्लब के कार्यक्रम अधिकारी श्री रोहित कुमार पाण्डेय के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।
अभियान के अंतर्गत विद्यार्थियों के लिए निबंध लेखन, पोस्टर निर्माण, रंगोली प्रतियोगिता तथा व्याख्यानमाला का आयोजन किया गया। इन गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराते हुए समाज में जनजागरूकता फैलाने का संदेश दिया गया। इस अवसर पर प्राचार्य श्री नीरज सिंह ठाकुर ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य, परिवार और समाज पर प्रतिकूल प्रभाव डालता है। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहकर स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवन अपनाने तथा समाज में जागरूकता फैलाने की अपील की।
कार्यक्रम अधिकारी श्री रोहित कुमार पाण्डेय ने अभियान के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए कहा कि “नशे से दूरी है जरूरी” का मुख्य उद्देश्य समाज, विशेषकर युवाओं को नशे की बुराइयों से बचाना तथा स्वस्थ, सुरक्षित और उज्ज्वल भविष्य के निर्माण के लिए प्रेरित करना है। कार्यक्रम के समापन पर महाविद्यालय के विद्यार्थियों एवं समस्त स्टाफ को नशामुक्ति की शपथ दिलाई गई। सभी ने स्वयं नशे से दूर रहने और समाज में नशामुक्ति का संदेश फैलाने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर आईक्यूएसी प्रभारी डॉ. एस.के. अब्दुस शमीम, डॉ. प्रतिभा राजपूत, श्री वीरेंद्र कुमार पटले, डॉ. विवेक खरगाल, डॉ. मनीष डोंगरे, डॉ. अशोक टेम्भुरने, सुश्री शालिनी मेश्राम, श्री अमर सिंह गोंड सहित महाविद्यालय का समस्त स्टाफ एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं को नशामुक्त जीवन अपनाने और समाज में जागरूकता का संदेश देने का प्रभावी प्रयास किया गया।








