सुनील खोब्रागढ़े (ब्यूरो प्रमुख )
जिले में 09 केंद्रो पर शामिल होंगे 3866 परीक्षार्थी
मध्यप्रदेश लोक सेवा आयोग इंदौर द्वारा आगामी 26 अप्रैल को राज्य सेवा व राज्य वन सेवा प्रारंभिक परीक्षा 2026 का आयोजन किया जा रहा है। यह परीक्षा बालाघाट जिले के 09 परीक्षा केंद्रो पर दो सत्रों में प्रात: 10 से दोपहर 12 बजे एवं दोपहर 2:15 से 4:15 तक आयोजित की जाएगी। इस परीक्षा में 3866 परीक्षार्थी शामिल होंगे।
शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सिंडिकेट बैंक के पास भरवेली बालाघाट में 250, सरस्वती शिशु मंदिर वार्ड नं. 28 सरस्वती नगर बालाघाट में 300, वीरांगना रानी दुर्गावती उच्चतर माध्यमिक विद्यालय थाना कोतवाली के सामने बालाघाट में 500, शासकीय कमला नेहरू कन्या महाविद्यालय बालाघाट में 500, शासकीय जटाशंकर त्रिवेदी स्नातकोत्तर महाविद्यालय बालाघाट में 600, शासकीय पॉलीटेक्निक कॉलेज गायखुरी रोड बालाघाट में 400, शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय बालाघाट में 504, अपूर्व कांवेंट हायर सेकेण्डरी स्कूल वार्ड नं. 04 फ्रेंड्स कॉलोनी बैहर रोड बालाघाट में 400 एवं शासकीय एमएलबी उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बालाघाट में 412 परीक्षार्थियों के लिए परीक्षा केंद्र बनाया गया है। इस प्रकार बालाघाट के 09 परीक्षा केंद्रो पर कुल 3866 परीक्षार्थी राज्य सेवा एवं राज्य वन सेवा प्रारंभिक परीक्षा 2026 में शामिल होंगे।
जिले के 09 परीक्षा केंद्रो पर 26 अप्रैल को राज्य सेवा एवं राज्य वन सेवा प्रारंभिक परीक्षा 2026 के सुव्यवस्थित संचालन के लिए 15 अप्रैल को अपर कलेक्टर श्री जीएस धुर्वे की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट कार्यालय में परीक्षा केंद्र से संबंधित विद्यालयों के प्राचार्यों की बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में संयुक्त कलेक्टर श्री राहुल नायक, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री निहित उपाध्याय, एसडीएम श्री गोपाल सोनी, जिला शिक्षा अधिकारी श्री अश्विनी उपाध्याय एवं स्वास्थ्य व विद्युत विभाग के अधिकारी उपस्थित थे। बैठक में बताया गया कि यह परीक्षा निर्विघ्न, सुव्यवस्थित एवं सुचितापूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने के लिए आयोग द्वारा नवीन प्रक्रिया अपनायी जा रही है। जिसके अंतर्गत परीक्षा केंद्रो पर सीसीटीवी सर्विलेंस, बायोमेट्रिक फिक्सिंग एवं वीओआईपी की व्यवस्था लागू की जा रही है। इस प्रक्रिया के अंतर्गत समस्त परीक्षा केंद्रो पर परीक्षार्थियों को परीक्षा के 90 मिनट पूर्व अनिवार्य रूप से प्रवेश दिया जाना है। बैठक में प्राचार्यों को निर्देशित किया गया कि वे आयोग के निर्देशानुसार 26 अप्रैल को परीक्षा का संचालन सुनिश्चित करें।






