सुनील खोब्रागढ़े (ब्यूरो प्रमुख )
सांदीपनि विद्यालय आमगांव में 14 अप्रैल को डॉ. भीमराव अंबेडकर एवं संत रविदास जयंती बड़े ही हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। विद्यालय के मल्टीपरपस हॉल में आयोजित इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि ग्राम पंचायत आमगांव के सरपंच श्री शिवलाल सैयाम, विशिष्ट अतिथि श्री चरणलाल कोडापे सहित अन्य अतिथियों, शैक्षणिक स्टाफ, छात्र-छात्राओं एवं प्राचार्य की गरिमामयी उपस्थिति रही।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती एवं डॉ. भीमराव अंबेडकर के छायाचित्र पर माल्यार्पण एवं पूजा-अर्चना के साथ किया गया। इसके पश्चात मां सरस्वती वंदना प्रस्तुत की गई। विद्यार्थियों द्वारा गीत एवं विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम को आकर्षक बना दिया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथियों ने अपने उद्बोधन में डॉ. अंबेडकर एवं संत रविदास के जीवन, उनके विचारों एवं समाज के प्रति उनके योगदान पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम के अंत में अध्यक्षता कर रहे संस्था के प्राचार्य श्री डी.एस. वाडिवे ने अपने संबोधन में डॉ. अंबेडकर एवं संत रविदास की जयंती के महत्व के साथ-साथ नारी शक्ति वंदन विषय पर भी जानकारी दी। उन्होंने सभी अतिथियों एवं उपस्थितजनों का आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम का समापन किया।







