Home बालाघाट कटंगी में जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत छात्राओं को जल गुणवत्ता...

कटंगी में जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत छात्राओं को जल गुणवत्ता परीक्षण का प्रशिक्षण

1
0

सुनील खोब्रागढ़े  (ब्यूरो प्रमुख )

जल गंगा संवर्धन गतिविधि एवं जल जीवन मिशन के अंतर्गत लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग (PHED) उपखण्ड कटंगी द्वारा 13 अप्रैल को उपखण्ड कार्यालय कटंगी में प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान राजा भोज महाविद्यालय कटंगी की 16 छात्राओं को जल गुणवत्ता परीक्षण का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया।

प्रशिक्षण में विभाग की केमिस्ट सीमा मेश्राम, मीना पटले एवं नेमसिंग मर्सकोले द्वारा फील्ड टेस्ट किट (FTK) के माध्यम से पानी की जांच करने की विधि सिखाई गई। छात्राओं को मौके पर ही पानी के नमूनों की जांच कर उसकी शुद्धता परखने का अभ्यास कराया गया। इस पहल का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में जल जनित बीमारियों की रोकथाम करना और जमीनी स्तर पर जल गुणवत्ता की निगरानी को मजबूत बनाना है। अधिकारियों ने बताया कि FTK किट के उपयोग से अब तत्काल पानी की गुणवत्ता की जांच संभव है, जिससे समय रहते आवश्यक कदम उठाए जा सकते हैं।

प्रशिक्षण के दौरान छात्राओं को पानी में फ्लोराइड, नाइट्रेट, आयरन, पीएच एवं बैक्टीरिया जैसी अशुद्धियों की पहचान करने के तरीके भी बताए गए। कार्यक्रम में मार्गदर्शन देते हुए लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के एसडीओ जितेंद्र कारमेघे ने कहा कि एफटीके किट एक सरल, सुलभ और प्रभावी माध्यम है, जिसके जरिए गांव स्तर पर ही जल गुणवत्ता का परीक्षण किया जा सकता है। इस अवसर पर ब्लॉक समन्वयक मोहिनी पटले सहित विभागीय स्टाफ मौजूद रहा। प्रशिक्षण के दौरान कुछ छात्राओं ने स्वयं मौके पर जल परीक्षण कर अपनी सीख का प्रदर्शन भी किया।