मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना के तहत वित्तीय वर्ष 2026-27 में स्वयं का उद्योग, सेवा या व्यवसाय स्थापित करने के इच्छुक युवाओं के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू हो गई है। जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र, बालाघाट ने पात्र आवेदकों से ऑनलाइन आवेदन करने की अपील की है। योजना के अंतर्गत उद्योग स्थापित करने के लिए 50 हजार रुपये से 50 लाख रुपये तक तथा सेवा एवं व्यवसाय गतिविधियों के लिए 50 हजार रुपये से 25 लाख रुपये तक ऋण प्राप्त किया जा सकेगा।
जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र की महाप्रबंधक श्रीमती प्रीति मर्सकोले ने इस संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि इस योजना की विशेषता यह है कि स्वीकृत एवं वितरित ऋण राशि पर हितग्राहियों को 3 प्रतिशत ब्याज अनुदान तथा सीजीटीएमएसई (CGTMSE) फीस का लाभ मिलेगा। यह राशि बैंक द्वारा सीधे क्लेम किए जाने पर हितग्राही के खाते में प्रदान की जाएगी। योजना के लिए पात्रता निर्धारित की गई है।
आवेदन करने वाले आवेदक की आयु 18 से 45 वर्ष के बीच होना चाहिए। आवेदक न्यूनतम 8वीं उत्तीर्ण हो, परिवार की वार्षिक आय 12 लाख रुपये से अधिक न हो, किसी बैंक या वित्तीय संस्था का डिफॉल्टर न हो तथा वर्तमान में राज्य या केंद्र सरकार की किसी अन्य स्वरोजगार योजना का लाभार्थी न हो। पात्र आवेदक समस्त पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक ने युवाओं से योजना का लाभ उठाकर आत्मनिर्भर बनने और रोजगार के नए अवसर सृजित करने की अपील की है।






