BREAKING

बालाघाट

आय के साधन बढ़ाकर पंचायतें स्‍वच्‍छ, सुंदर और स्‍वावलंबी बनें — मंत्री श्री पटेल

किरनापुर को 05 करोड़ 65 लाख से अधिक के विकास कार्यों की सौगात

मंत्री श्री पटेल ने किया किरनापुर में शॉपिंग काम्‍पलेक्‍स का लोकार्पण एवं जनपद पंचायत भवन का भूमिपूजन

शासन द्वारा ग्राम पंचायतों को विकास कार्यों के लिए विभिन्‍न मदों में राशि दी जाती है, लेकिन ग्राम पंचायतों को इस पर निर्भर न रहकर अपनी आय बढ़ानी चाहिए। सरपंच एवं अन्‍य जनप्रतिनिधियों को प्रयास करना चाहिए कि हमारी पंचायतें स्‍वच्‍छ, सुदंर और स्‍वावलंबी बनें। सरपंच एवं पंच ग्राम पंचायत में ऐसे विकास कार्य कराए कि आने वाली पीढ़ी में उन्‍हें लंबे समय तक याद रखे। यह बातें मध्‍यप्रदेश शासन के पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री तथा श्रम मंत्री श्री प्रहलाद सिंह पटेल ने बालाघाट जिले की किरनापुर में 05 करोड़ 65 लाख 67 हजार रुपए की लागत के विकास कार्यों के लोकार्पण एवं भूमिपूजन कार्यक्रम को सम्‍बोधित करते हुए कहीं।

इस अवसर पर सांसद श्रीमती भारती पारधी, विधायक श्री राजकुमार कर्राहे, श्री गौरव सिंह पारधी, जिला पंचायत अध्‍यक्ष श्री सम्राट सिंह सरस्‍वार, जिला पंचायत के मुख्‍य कार्यपालन अधिकारी श्री अभिषेक सराफ, जिला पंचायत उपाध्‍यक्ष श्री राजा लिल्‍हारे, जिला पंचायत सदस्‍य श्रीमती चेतना कुराहे, श्रीमती मीरा सिंघनधुपे, एसडीएम श्री एमआर कोल, जनपद अध्यक्ष श्री कल्‍याण सिंह राणा, जनपद उपाध्यक्ष श्री भुवनलाल रहांगडाले, पूर्व जनपद अध्‍यक्ष श्री देवीचरण पारधी, अन्‍य जनप्रतिनिधि, गणमान्‍य नागरिक, अधिकारी, क्षेत्र की पंचायतों के सरपंच, पत्रकार एवं बड़ी संख्‍या में आमजन उपस्थित थे।

मंत्री श्री प्रहलाद सिंह पटेल ने किरनापुर क्षेत्रवासियों को कुल 5 करोड़ 65 लाख 67 हजार रुपए की विकास सौगात प्रदान की। इस अवसर पर उन्होंने जनपद सदस्यों की निधि से 40 लाख रुपए की लागत से निर्मित आधुनिक शॉपिंग कॉम्प्लेक्स की 22 दुकानों का लोकार्पण किया। साथ ही 5 करोड़ 25 लाख 67 हजार रुपए की लागत से बनने वाले नए जनपद पंचायत भवन के लिए भूमि पूजन किया। समारोह में बड़ी संख्या में ग्रामीणों एवं जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति ने इसे ऐतिहासिक बना दिया।

 

अटल ग्राम सेवा सदन के नाम से जाने जाएगा नए पंचायत भवन

कार्यक्रम के मुख्‍य अतिथि मंत्री श्री पटेल ने कहा कि उनके विभाग द्वारा 2427 ग्राम पंचायतों में भवन निर्माण की स्‍वीकृति प्रदान की गई है। इसके साथ ही ग्राम पंचायतों में सामुदायिक भवन निर्माण की मंजूरी दी गई है। जिन पंचायतों में ग्राम पंचायत भवन नही थे एवं सामुदायिक भवन नही थे, ऐसी पंचायतों को प्राथमिकता से यह कार्य स्‍वीकृत किये गए है। उन्‍होंने कहा कि पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग का मंत्री बनने के बाद उन्‍होंने ग्राम पंचायतों के भवन निर्माण के लिए नई डिजाईन तैयार की है। अब ग्राम पंचायत भवन दो मंजिला एवं जनपद पंचायत भवन तीन मंजिला तक जा सकते है। इन भवनों में पार्किंग, गार्डन एवं अन्‍य सुविधाओं का ध्‍यान रखा गया है। यह भवन भविष्‍य में आने वाली जमीन की समस्‍या को देखते हुए डिजाईन किये गए है। इन नए पंचायत भवनों को अटल ग्राम सेवा सदन के नाम से जाना जाएगा। उन्‍होंने सरपंचो से कहा कि ग्राम पंचायत भवन में सोलर पेनल लगवाए जिससे उनका बिजली बिल का खर्च कम हो जाएगा। इसी प्रकार नलजल योजना के लिए भी सोलर पेनल लगाए जाए।

पांचवे वित्‍त आयोग से पंचायतों को मिलेगे 06 करोड़ रुपए

मंत्री श्री पटेल ने कहा कि ग्राम पंचायतों को अपनी राशि का उपयोग करने के लिए अच्‍छी तरह से प्‍लान बनाकर काम करना चाहिए। पांचवे वित्‍त आयोग से प्रदेश की पंचायतों के लिए 06 हजार करोड़ रुपए की राशि मिल रही है। इससे प्रत्‍येक पंचायत को 10 से 12 लाख रुपए की राशि प्राप्‍त होगी। ग्राम पंचायतों में आने वाली राशि से जो भी काम कराए जाते है, उसके लिए जवाबदेही भी तय होना चाहिए। ग्राम पंचायतों को चाहिए कि वह हर काम गुणवत्‍ता के साथ करें। मंत्री श्री पटेल ने कहा कि वर्ष 2026 तक प्रदेश में कोई भी पंचायत ऐसी नही रहेगी जिसमें उसका श्‍मशान घाट न हो। वर्तमान में ऐसी भी पंचायतें है जिनमें श्‍मशान घाट के लिए जमीन नही है। ऐसी पंचायतों में श्‍मशान घाट के लिए जिला प्रशासन के माध्‍यम से जमीन आरक्षित कराई जाएगी। उन्‍होंने कहा कि ग्राम पंचायतें श्‍मशान घाट तक सीमेंट-कांक्रीट रोड, फेंसिंग एवं बाउंड्रीवॉल का काम भी करा सकती है।

अति पिछड़े एवं नक्‍सल प्रभावित क्षेत्र में 100 की आबादी वाले गांवों तक पहुंचेगी पक्‍की सड़क

मंत्री श्री पटेल ने कहा कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत 2011 की जनगणना के आधार पर 500 तक की आबादी वाले गांव को पक्‍की सड़क से जोड़ने का काम किया जा रहा है। अति पिछड़े एवं नक्‍सल प्रभावित क्षेत्र में 100 की आबादी वाले गांवों को भी इसमें शामिल किया जा रहा है। गांव तक जाने वाले सड़क के पुल पुलियॉ यदि बारिश के दिनों में 48 घंटे भी पानी में डूबे रहेंगे तो उन्‍हें 12 मासी सड़क नही माना जाएगा और उन पुल पुलियों को बाढ़ के जल स्‍तर से 03 मीटर ऊंचा बनाने का काम किया जाएगा।

नए जनपद पंचायत भवन से प्रशासनिक कार्य होंगे सुदृढ़

मंत्री श्री पटेल ने कहा कि किरनापुर में बनने वाला नया जनपद पंचायत भवन आधुनिक सुविधाओं से युक्त होगा, जिसमें पंचायत से जुड़े सभी विभागों के लिए उपयुक्त कक्ष, मीटिंग हॉल, लोकसेवा से जुड़ी सुविधाएँ तथा विभिन्न कार्यालयों का एकीकृत परिसर विकसित किया जाएगा। इससे ग्रामीणों को एक ही स्थान पर पंचायत संबंधी समस्त सेवाएँ मिलने लगेंगी। उन्होंने कहा कि ग्रामीण विकास की दृष्टि से पंचायत स्तर पर मजबूत प्रशासनिक ढांचा अत्यंत आवश्यक है, और जनपद भवन का निर्माण इसी सोच के साथ किया जा रहा है। भवन के तैयार होने के बाद कर्मचारियों एवं अधिकारियों को भी बेहतर कार्य वातावरण मिलेगा, जिससे योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी आएगी।

शॉपिंग कॉम्प्लेक्स से स्थानीय व्यापार को मिलेगा बढ़ावा

मंत्री श्री पटेल ने जिन 22 दुकानों का लोकार्पण किया, वे जनपद सदस्यों की निधि से 40 लाख रुपए की लागत से निर्मित की गई हैं। यह शॉपिंग कॉम्प्लेक्स किरनापुर क्षेत्र के स्थानीय व्यवसाय को नई दिशा देगा।उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में छोटे उद्यमों और स्वरोजगार को बढ़ावा देने के लिए ऐसे व्यावसायिक परिसरों का निर्माण महत्वपूर्ण कदम है। इससे न केवल स्थानीय युवाओं को रोजगार के अवसर मिलेंगे, बल्कि क्षेत्र की आर्थिक गतिविधियों में भी उल्लेखनीय वृद्धि होगी।

सांसद श्रीमती भारती पारधी ने इस अवसर पर उपस्थित जनसमुदाय को सम्‍बोधित करते हुए कहा कि कटंगी एवं लांजी के विधायको द्वारा अपने क्षेत्र में बहुत से विकास कार्यों की सौगात दी गई है। इसके लिए उनके क्षेत्र की जनता बधाई की पात्र है जिन्‍होंने राजकुमार कर्राहे और गौरव पारधी जैसे युवाओ को अपना विधायक चुना है। आज किरनापुर को 05 करोड़ 65 लाख से अधिक के विकास कार्यों की सौगात मिली है। आगे भी इसी तरह की सौगाते मिलती रहेगी।

Related Posts