BREAKING

बालाघाट

कलेक्‍टर ने की रेलवे ओव्‍हरब्रिज निर्माण कार्यों की समीक्षा

15 दिनो के भीतर सरेखा अंडरपास को ठीक करने के निर्देश

बालाघाट-       कलेक्‍टर श्री मृणाल मीना ने 14 नवम्‍बर को दक्षिण पूर्व मध्‍य रेलवे, सेतु निर्माण उपसंभाग, लोक निर्माण, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क, यातायात एवं नगर पालिका के अधिकारियों की बैठक लेकर जिले में निर्माणाधीन 04 रेलवे ओव्‍हरब्रिज के कार्यों की समीक्षा की और इन कार्यों को शीघ्रता से पूर्ण करने के निर्देश दिये गए। बैठक में नगर पुलिस अधीक्षक सुश्री वैशाली सिंह, सेतु निर्माण संभाग के कार्यपालन यंत्री श्री अर्जुन सिंह सनोडिया एवं अन्‍य अधिकारी उपस्थित थे।

बैठक में बालाघाट जिले के अंतर्गत बालाघाट-गोंदिया मार्ग में सरेखा क्रॉसिंग के अंडर पास के सुधार कार्य को 15 दिन में अनिवार्य रूप से पूर्ण कर पूर्व की भांति यातायात चालू करने के निर्देश दिये गए। इसके साथ ही सरेखा रेलवे ओव्‍हरब्रिज के शेष सर्विस मार्ग का कार्य शीघ्र पूर्ण करने कहा गया। बालाघाट कटंगी सेक्शन के गर्रा रेलवे क्रॉसिंग पर आर.ओ.बी. निर्माण के लिए 15 नवंबर 2025 से ट्रैफिक बंद किया जा रहा है। इस कार्य में शीघ्र गर्डर लाकर लांचिंग कार्य सहित तीनों स्‍पान का सम्‍पूर्ण कार्य दिसंबर 2025 तक अनिवार्य रूप से पूर्ण करने के निर्देश दिये गए। रेलवे के अधिकारियों को डेंजर रोड बायपास मार्ग के अंडर पास से यातायात के व्‍यवस्थित संचालन के लिए अंडरपास को दुरुस्‍त करने के निर्देश दिये गए। इस दौरान सेतु संभाग के अधिकारी द्वारा बताया गया कि गर्रा ओव्‍हरब्रिज के दो स्‍लैब का कार्य शेष हैं इसे दिसंबर 2025 तक अनिवार्य रूप से पूर्ण कर लिया जाएगा। गर्रा रेलवे क्रासिंग से आवागमन बंद रहने के दौरान डेंजर रोड से व्‍यवस्थित आवागमन के लिए डेंजर रोड में मरम्‍मत कार्य, शोल्‍डर, गड्ढें का सुधार कार्य करने के साथ जहां आवश्‍यक हो साईन बोर्ड लगाने के निर्देश दिये गए।  इसके साथ ही जय स्‍तंभ चौक से आकाशवाणी होते हुए बिजली ऑफिस तक पर्याप्‍त स्‍ट्रीट लाईट की व्‍यवस्‍था करने कहा गया।

बालाघाट कटंगी सेक्शन के वारा रेलवे क्रॉसिंग पर आर.ओ.बी. का निर्माण कार्य गर्डर लांचिंग सहित दिसंबर 2025 तक अनिवार्य रूप्‍ से पूर्ण करने के निर्देश दिये गए। रेलवे विभाग 31 दिसंबर 2025 तक गर्डर लांचिंग का कार्य पूर्ण कर स्‍लैब, बियरिंग कोट इत्‍यादि का कार्य अनिवार्यत: पूर्ण किया जावे। बालाघाट कटंगी सेक्शन के भटेरा चौकी रेलवे क्रॉसिंग पर आर.ओ.बी. का निर्माण के लिए भू-अर्जन कार्य शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिये गए जिससे मुआवजा भुगतान उपरांत शेष 900 मी. में कार्य प्रारंभ किया जा सके। भटेरा रोड स्थित ओव्‍हरब्रिज के लिए कार्यस्‍थल की परिस्थितियों के अनुसार ट्रैफिक प्‍लान तैयार करने कहा गया। लोक निर्माण विभाग सेतु संभाग को यथासंभव उपलब्‍ध स्‍थान पर कार्य की प्रगति बढ़ाने एवं सर्विस मार्ग की मरम्‍मत करने कहा गया। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अधिकारी को सेंट मेरी रोड से आवलाझरी तक मार्ग का रखरखाव सड़क पटरी सहित ठीक से करने के निर्देश दिये गए ताकि यातायात में अ‍सुविधा ना हो। रेलवे अधिकारियों द्वारा बताया गया कि हल्‍के वाहन हेतु अस्‍थायी लेवर क्रासिंग शिफ्टिंग का कार्य किया जा रहा है। इसे प्राथमिकता से शीघ्र पूर्ण कर ट्रैफिक सुचारु रूप से चलाने के निर्देश दिये गए।

बालाघाट जिले के अंतर्गत बालाघाट कटंगी सेक्शन के लेवल क्रासिंग क्र बी.के.-52  पर आर.ओ.बी. का निर्माण के संबंध में रेलवे विभाग द्वारा बताया गया कि यह कार्य सिंगल एंटीटी में है तथा प्रगति समानुपातिक है इसे मार्च 2026 तक पूर्ण किया जावेगा। अत: इसे समय सीमा में पूर्ण किया जावे। बालाघाट जिले के अंतर्गत बालाघाट कटंगी सेक्शन के लेवल क्रासिंग क्र बी.के.-60 पर आर.ओ.बी. का निर्माण :-रेलवे विभाग द्वारा बताया गया कि यह कार्य सिंगल एंटीटी में है तथा प्रगति समानुपातिक है इसे दिसंबर 2025 तक पूर्ण किया जावेगा।

Related Posts