एनएचएम की मिशन संचालक डॉ सलोनी सिडाना ने कलेक्टर श्री मीना की सराहना की
राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, मध्यप्रदेश द्वारा संचालित “स्वस्थ नारी, सशक्त न परिवार अभियान” में बालाघाट जिले ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रदेश भर में उल्लेखनीय उपलब्धि दर्ज की है। इस सफलता पर मिशन संचालक डॉ. सलोनी सिडाना ने जिला कलेक्टर श्री मृणाल मीना को बधाई पत्र भेजकर पूरे जिले की स्वास्थ्य टीम की सराहना की है।
डॉ. सिडाना ने अपने पत्र में कहा है कि बालाघाट जिले ने अभियान के दौरान 84.98 प्रतिशत महिला आबादी की स्क्रीनिंग कर “Excellent Achievement” उत्कृष्ट उपलब्धियां हासिल की है। उन्होंने इसे जिले की प्रशासनिक टीम, स्वास्थ्य विभाग, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, आशा, एएनएम, सीएचओ, निक्षय मित्रों, पंचायत प्रतिनिधियों और स्वयं सहायता समूहों के सामूहिक प्रयासों का परिणाम बताया।
इस अभियान के अंतर्गत 1.96 लाख स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन किया गया, जिनमें 1.28 करोड़ से अधिक लोगों की जांच हुई। इनमें 93 लाख महिलाएं शामिल थीं। साथ ही, 42 हजार निक्षय मित्र और 55 हजार रक्तदाताओं ने भाग लेकर 52 हजार यूनिट रक्त संग्रह में योगदान दिया। यह statewide अभियान ‘पोषण माह’ एवं प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के आह्वान के साथ संयोजन में चलाया गया, जिसका मुख्य उद्देश्य महिलाओं के स्वास्थ्य, किशोरियों के पोषण और निवारक स्वास्थ्य जांच को सशक्त बनाना था।
मिशन संचालक डॉ. सिडाना ने कहा कि बालाघाट जिले की टीम ने इस अभियान में उत्कृष्ट नेतृत्व और समर्पण का परिचय दिया है। यह उपलब्धि जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग के समन्वित प्रयासों की मिसाल है। उन्होंने कलेक्टर श्री मृणाल मीना एवं पूरी टीम को अभियान की शानदार सफलता के लिए हार्दिक शुभकामनाएँ और बधाईयां दीं है।








