BREAKING

समाचार

बैठकर बातें कर रहे दंपत्ति ने मजाक-मजाक में खा लिया जहर, पति की मौत

देशभर में आत्महत्या की कई घटनाएं हमारे सामने आती है। लोग कई बार विपरीत परिस्थितियों का सामना नहीं कर पाने, गंभीर परेशानी की वजह से मजबूर होकर अपनी जान दे देते हैं। लेकिन हरियाणा (Haryana) के भिवानी (Bhiwani) जिले से एक ऐसी घटना सामने आई है। जिसे सुनकर आप चौंक जाएंगे। पति और पत्नी ने मजाक-मजाक में सल्फास खा लिया। सल्फास की गोली दिखाकर पत्नी से कहा कि अगर मैं इसे खा लूं तो तुम क्या करोगी। जिस पर पत्नी ने कहा कि फिर मैं भी जीकर क्या करूंगी और दोनों से जहर खा (Couple Ate Poison) लिया।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार दंपत्ति भिवानी के लोहानी गांव में रहते थे। गांव का 27 वर्षीय जयदीप खेतीबाड़ी करता था। चार साल पहले सोनिया नाम की महिला के साथ उसका विवाह हुआ था। दोनों की एक तीन वर्ष की बेटी भी है। गरुवार रात करीब दस बजे दोनों पति-पत्नी कमरे में साथ बैठकर हंसी मजाक कर रहे थे। इसी बीच जयदीप को कमरे में रखी सल्फास की गोली दिखाई दी। उसने मजाक में सोनिया से कहा कि यदि मैं इसे खा लूं तो तुम क्या करोगी। इस बात पर उसकी पत्नी ने जवाब दिया कि जब तुम ही नहीं रहोगे तो मैं भी जी कर क्या करुंगी। इसके बाद जयदीप ने पानी में सल्फास की गोली को मिला लिया और उसे निगल गया। उसको देखकर पत्नी सोनिया ने भी यही किया। कुछ ही समय में दोनों की हालत बिगड़ गई।

हालत बिगड़ने पर दोनों को सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया। प्राथमिक इलाज के बाद जब अधिक सुधार नहीं दिखा तो दोनों को पीजीआई रोहतक रैफर कर दिया गया। लेकिन देर रात जयदीप की मौत हो गई। सोनिया की हालत बेहतर हो जाने पर उसे अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। जुई कलां थाना जांच अधिकारी एएसआई राजपाल सिंह ने बताया कि शुक्रवार को पत्नी के बयान पर पुलिस ने इत्तेफाकिया मौत की कार्रवाई की है।

Related Posts