भोपाल में नेशनल फिशरीज़ इन्वेस्टर्स एंड एक्सपोर्टर्स कॉन्क्लेव-2026 सम्पन्न, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन सिंह ने किया पुरस्कृत
बालाघाट, । भोपाल में शुक्रवार 23 अक्टूबर को कुशाभाऊ ठाकरे अंतर्राष्ट्रीय सभागार में आयोजित नेशनल फिशरीज़ इन्वेस्टर्स एंड एक्सपोर्टर्स कॉन्क्लेव-2026 में बालाघाट जिले के परसवाड़ा विकासखंड अंतर्गत ग्राम उकवा की मछुआ सहकारी समिति मर्यादित, उकवा की महिला अध्यक्ष श्रीमती करुणा बर्वे को मत्स्य पालन के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित किया गया। उन्हें मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं केंद्रीय मंत्री श्री राजीव रंजन सिंह ने पुरस्कृत किया।
कॉन्क्लेव का शुभारंभ मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने केंद्रीय मंत्री श्री राजीव रंजन सिंह एवं केंद्रीय राज्य मंत्री प्रो. एस.पी. सिंह बघेल के साथ दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश सरकार नई एकीकृत मत्स्योद्योग नीति-2026 के माध्यम से प्रदेश में मत्स्य उत्पादन को जल्द से जल्द दोगुना करने की दिशा में काम कर रही है। इससे मत्स्य उत्पादकों, विक्रेताओं, परिवहनकर्ताओं और मछली पालन से जुड़े सभी लोगों को सीधा लाभ मिलेगा।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश में नीली क्रांति को बढ़ावा देने के लिए राज्य सरकार प्रतिबद्ध है। प्रदेश की जल संपदा को निवेश, नवाचार और निर्यात से जोड़कर मध्यप्रदेश को मत्स्य पालन के क्षेत्र में देश का अग्रणी केंद्र बनाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि किसानों और मत्स्य पालकों की आर्थिक स्थिति मजबूत करने के लिए सरकार ठोस कदम उठा रही है।
मत्स्य उत्पादों के प्रसंस्करण और निर्यात को मिलेगा बढ़ावा
मुख्यमंत्री डॉ यादव ने कहा कि प्रदेश में मत्स्य पालन उद्योग को फूड प्रोसेसिंग इंडस्ट्री से जोड़ा जाएगा। इसके अंतर्गत मछली उत्पादन के बाद उसके प्रसंस्करण, मूल्य संवर्धन, पैकेजिंग और मार्केटिंग जैसी गतिविधियों को प्रोत्साहित किया जाएगा। इससे मत्स्य पालन से जुड़े लोगों के लिए रोजगार एवं आय के नए अवसर सृजित होंगे और मत्स्य उत्पादों के निर्यात को भी बढ़ावा मिलेगा।
कॉन्क्लेव में मध्यप्रदेश मत्स्य पालन निवेश एवं निर्यात मार्गदर्शिका-2026 तथा एक्सपोर्ट पोर्टल की मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) का विमोचन भी किया गया।
बालाघाट जिले के लिए गौरव का अवसर
ग्राम उकवा की महिला अध्यक्ष श्रीमती करुणा बर्वे को मत्स्य पालन के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य के लिए मिला सम्मान बालाघाट जिले के लिए गौरव का विषय है। राष्ट्रीय स्तर के इस आयोजन में उनका सम्मानित होना जिले में मत्स्य पालन गतिविधियों से जुड़ी सहकारी समितियों और मत्स्य पालकों के लिए प्रेरणादायी है।




