Home छत्तीसगढ़ विधायक अनुभा मुंजारे का भाजपा पदाधिकारियों पर तीखा हमला

विधायक अनुभा मुंजारे का भाजपा पदाधिकारियों पर तीखा हमला

7
0

 

 

बालाघाट। मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के अंतर्गत पीएम श्री शासकीय हाई स्कूल बकोड़ा में आयोजित जनसंवाद कार्यक्रम के दौरान भाजपा पदाधिकारियों के कथित गुंडाराज एवं अभद्र व्यवहार को लेकर बालाघाट विधायक श्रीमती अनुभा मुंजारे ने कड़ा रुख अपनाया है।

विधायक श्रीमती अनुभा मुंजारे ने कहा कि जनसंवाद का उद्देश्य जनता की समस्याओं को सुनना और उनका समाधान करना है, न कि अपनी राजनीतिक ताकत का प्रदर्शन कर लोगों की आवाज को दबाना। यदि जनसंवाद जैसे सार्वजनिक कार्यक्रमों में ही दबाव, अभद्रता और डराने-धमकाने जैसी स्थिति बनेगी, तो आम जनता अपनी समस्याएं आखिर किसके सामने रखेगी?

 

उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में हर नागरिक को अपनी बात रखने और जनसमस्याओं को उठाने का अधिकार है। किसी भी राजनीतिक दल के पदाधिकारी को यह अधिकार नहीं है कि वह सत्ता के प्रभाव का इस्तेमाल कर दूसरों को दबाने का प्रयास करे। जनता के कार्यक्रमों को राजनीतिक दबदबे का मंच बनाने की प्रवृत्ति स्वीकार नहीं की जा सकती।

विधायक मुंजारे ने स्पष्ट कहा कि जनता के सम्मान,लोकतांत्रिक मर्यादा और जनहित के मुद्दों पर कोई समझौता नहीं किया जाएगा। संबंधित घटना की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और यदि किसी के विरुद्ध अभद्रता या अनुचित व्यवहार के आरोप प्रमाणित होते हैं, तो नियमानुसार कार्रवाई की जानी चाहिए।

उन्होंने कहा कि जनविश्वास केवल नारों से नहीं, बल्कि जनता के प्रति सम्मान, जवाबदेही और संवेदनशील व्यवहार से कायम होता है। जनसंवाद में जनता की आवाज सुनी जानी चाहिए, उसे दबाया नहीं जाना चाहिए।
“जनता की आवाज उठाना हमारा दायित्व है। किसी के दबाव या राजनीतिक धमकियों से जनहित के मुद्दों पर हमारी आवाज न पहले रुकी है और न आगे रुकेगी। लोकतंत्र में जनता सर्वोपरि है और जनता के सम्मान से कोई समझौता नहीं होगा।”

मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान में दूर दराज से आए ग्रामीण जनों की समस्याओं को अधिकारियों ने गंभीरता से सुना और उसका तत्काल समाधान भी किया। ऐसे कार्यक्रम जनता और सरकार में विश्वास पैदा करते है, ऐसे कार्यक्रम को किसी पार्टी विशेष का कार्यक्रम बनाना अच्छी बात नहीं है इसलिए जिला प्रशासन भी भविष्य में यह ध्यान रखें कि कार्यक्रम को सरकारी कार्यक्रम ही रहने दे इसे किसी पार्टी विशेष का कार्यक्रम ना बनाएं अन्यथा जनता की आवाज को दबाने वालों को कभी नहीं बख्शा जाएगा।