बालाघाट- स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर देशभक्ति की भावना को जन-जन तक पहुंचाने एवं हर घर तिरंगा अभियान-2026 को सफल बनाने के उद्देश्य से जनपद पंचायत बालाघाट के विभिन्न ग्रामों में विविध गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है।
अभियान के माध्यम से ग्रामीणों एवं स्व-सहायता समूह की दीदियों को अपने-अपने घरों पर तिरंगा फहराने तथा राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान एवं देशभक्ति की भावना को मजबूत करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। ‘आओ मिलकर हर घर तिरंगा फहराएं’ के संदेश के साथ स्वतंत्रता दिवस के उत्सव को देशभक्ति के रंग में रंगने का प्रयास किया जा रहा है।
इसी क्रम में जनपद पंचायत बालाघाट के ग्राम हिरापुर, चामता, एकारी आदि में हर घर तिरंगा अभियान के अंतर्गत तिरंगा रैली, रंगोली, तिरंगा सेल्फी एवं तिरंगा शपथ जैसे कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन गतिविधियों में स्व-सहायता समूहों की महिलाओं एवं स्थानीय ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
कार्यक्रमों में विकासखंड स्तर के अधिकारी-कर्मचारी, ग्राम पंचायतों के सरपंच, सचिव, रोजगार सहायक, शिक्षक तथा ग्रामीण विकास एवं आजीविका मिशन के अधिकारी-कर्मचारियों की सहभागिता रही। अभियान के माध्यम से ग्रामीणों को राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान, राष्ट्रीय एकता एवं देशभक्ति की भावना के प्रति जागरूक किया जा रहा है।




