बालाघाट। संयुक्त विभाग पेंशनर संघ शाखा परसवाड़ा की बैठक सेवानिवृत्त प्रधानपाठक पी.एस. ठाकरे के निवास पर आयोजित की गई। जिसमें पेंशनरों के लंबित प्रकरण, जनजातीय कार्य विभाग के रिटायर्ड कर्मियों के अर्जित अवकाश प्रकरण में कार्योत्तर स्वीकृति के लिए आयुक्त कार्यालय भोपाल भेजे गए पत्र को लेकर चर्चा की गई।
जिलाध्यक्ष बी.एल. चौधरी ने बताया कि अर्जित अवकाश प्रकरण में अब तक स्वीकृति नहीं मिलने से रिटायर्ड कर्मियों को परेशान होना पड़ रहा है। साथ ही उन्होंने 35 वर्षो की सेवा देने वाले चतुर्थ वेतनमान का लाभ प्रदान नहीं किए जाने पर भी नाराजगी जाहिर की। उन्होंने बताया कि शिक्षा विभाग में आदेश जारी हो चुके है लेकिन विडंबना कहे या दुर्भाग्य, जनजातीय कार्य विभाग में अब तक आदेश जारी नहीं किए गए है। उन्होंने बताया कि पेंशनरों से स्वास्थ्य बीमा योजना के नाम पर 4 प्रतिशत की पेंशन में कटौती किया जाना है, जबकि नियमित कर्मचारियों की एक प्रतिशत कटौती की जाएगी। जो भी न्याय संगत नहीं है।
बैठक में तहसील अध्यक्ष लेखराम गौतम, सचिव आहिद मोहम्मद शेख, उपाध्यक्ष जी.एस. उईके, पी.एस. ठाकरे, मेघराम बिसेन, सहसचिव एच.सी. इड़पांचे, बी.एल. कटरे, कोषाध्यक्ष यु.एल. ठाकरे, आर.पी. चौरे, ए.के. भटेरे और सुश्री सविता भंडारी उपस्थित रहे।







