पांच दिवसीय प्रतियोगिता में 08 संभाग के 250 प्रतिभागी शामिल होंगें
बालाघाट- स्कूल शिक्षा विभाग की ओर से आयोजित 69 वीं राज्य स्तरीय रोड साइकलिंग खेलकूद प्रतियोगिता 2025 का शुभारंभ 13 नवंबर को बालाघाट के उत्कृष्ट विद्यालय मैदान में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ बालाघाट-सिवनी लोकसभा क्षेत्र की सांसद श्रीमती भारती पारधी के मुख्य आतिथ्य में किया गया। कार्यक्रम में मध्यप्रदेश पिछड़ा वर्ग कल्याण आयोग की सदस्य श्रीमती मौसम बिसेन एवं नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती भारती ठाकुर विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित थी। कार्यक्रम में नगर पालिका उपाध्यक्ष श्री योगेश बिसेन, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष श्री रमेश रंगलानी, जिला शिक्षा अधिकारी श्री अश्विनी उपाध्याय, उत्कृष्ट विद्यालय के प्राचार्य श्री शरद ज्योतिषी, अन्य गणमान्य नागरिक एवं प्रतिभागी छात्र-छात्रायें उपस्थित थी।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों ने मां सरस्वती के चित्र पर दीप प्रज्वलन और ध्वजारोहण के साथ किया । इस पर प्रतिभागी खिलाड़ियों ने मार्च पास्ट किया। अतिथियों द्वारा खिलाड़ियों को शपथ दिलाकर प्रतियोगिता का औपचारिक शुभारंभ किया गया।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि सांसद श्रीमती भारती पारधी ने इस अवसर पर उपस्थित प्रतिभागियों एवं जन समूह को संबोधित करते हुए कहा कि खेल हमें अनुशासन ओर एकता की सीख देते हैं। मध्यप्रदेश में प्रतिभाशाली खिलाड़ियों की कमी नहीं है, उन्हें सही दिशा ओर अवसर देने की जरूरत है। यह हमारा सौभाग्य है कि इस प्रतियोगिता के आयोजन के लिए बालाघाट जिले को चुना गया है। सभी प्रतिभागी खेल भावना के साथ इस प्रतियोगिता में हिस्सा लें और अपनी क्षमता, प्रतिभा व हुनर का उत्कृष्ट प्रदर्शन करें। प्रदेश के अन्य स्थलों से आये प्रतिभागी खिलाडि़यों को बालाघाट में अच्छा वातावरण एवं सुविधायें उपलब्ध करायी जाएंगी। जिससे वे यहां से अच्छी यादें लेकर जायें।
पिछड़ा वर्ग कल्याण आयोग की सदस्य श्रीमती मौसम बिसेन ने अपने संबोधन में कहा कि खेल सिर्फ जीतने का माध्यम नही बल्कि यह युवाओं को संघर्ष, संयम ओर समर्पण कि भावना सिखाता है। आने वाले सालों में मध्य प्रदेश के खिलाड़ी ओलंपिक में मेडल जीते इसके लिए राज्य सरकार खेल सुविधाओं के विस्तार और खिलाड़ियों को प्रोत्साहन देने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने प्रतियोगिता में पधारे बालक बालिकाओं के लिए स्वदेशी मेला एक दिन फ्री करने की घोषणा की ।
जिला शिक्षा अधिकारी श्री अश्वीनी कुमार उपाध्याय ने इस अवसर पर बताया कि राज्य स्तरीय रोड साइक्लिंग खेलों का आयोजन बालाघाट में पहली बार किया जा रहा है । प्रतियोगिता में आब्जर्वर के रूप में लोक शिक्षण संचनालय मध्यप्रदेश भोपाल से श्रीमती शारदा सोनी आर्या एवं सहायक आब्जर्वर के रूप में श्री मनोज गुप्ता मौजूद रहेंगें। राज्य स्तरीय साइक्लिंग प्रतियोगिता के लिए स्थल बालाघाट-गोंदिया नेशनल हाईवे पर ग्राम भमोड़ी से रेंगाटोला के बीच तय किया गया है। 04 किलोमीटर की इस प्रतियोगिता का समय प्रातः 9:00 बजे से दोपहर 2:00 तक है। साइक्लिंग प्रतियोगिता 14, 17 एवं 19 वर्षीय बालक एवं बालिकाएं तीन वर्गों में आयोजित की जा रही है। इस प्रतियोगिता में राज्य के 10 संभागों के लगभग 250 खिलाड़ी एवं 50 भाग ले रहे हैं।
जिला कीड़ा अधिकारी श्री दीपक गिरी गोस्वामी द्वारा बताया गया कि पांच दिवसीय खेल प्रतियोगिता 13 से 17 नवंबर तक आयोजित हो रही है, जिसमें प्रदेश के लगभग 250 खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगें। प्रतियोगिता के इस शुभारंभ कार्यक्रम में बालाघाट के समस्त कोच, पीटीआई अधिकारी और शिक्षक शिक्षिकाएं और प्रदेश भर से पधारे बालक बालिका उपस्थित रहे।



