70 आवेदक अपनी समस्या लेकर आए
बालाघाट- प्रत्येक मंगलवार को होने वाली जनसुनवाई की कड़ी में 11 नवम्बर को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जनसुनवाई का आयोजन किया गया। कलेक्टर श्री मृणाल मीना के मार्गदर्शन में जिला पंचायत सीईओ श्री अभिषेक सराफ, अपर कलेक्टर श्री डीपी बर्मन, संयुक्त कलेक्टर श्री राहुल नायक, एसडीएम श्री गोपाल सोनी व डिप्टी कलेक्टर श्री प्रदीप कौरव, श्रीस प्यासी ने अन्य विभागों के अधिकारियों के साथ आवेदकों की समस्याओं को सुना और संबंधित विभाग को उनका निराकरण करने के निर्देश दिये। जनसुनवाई में 70 आवेदक अपनी समस्या लेकर आए थे।
जनसुनवाई में वार्ड नं. 04 वारासिवनी निवासी अजय पारधी प्रधानमंत्री आवास योजना की शेष राशि दिलवाने की मांग लेकर आया था। अजय का कहना था कि वह प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत गृह निर्माण कर रहा है। अजय को नगर पालिका परिषद वारासिवनी द्वारा प्रथम किश्त 01 लाख एवं द्वितीय किश्त 01 लाख इस तरह कुल 02 लाख रुपए की दो किश्ते प्राप्त हो चुकी है, जिससे उसने गृह निर्माण कर लिया है। लेकिन अब भी घर का कुछ काम शेष है जिसके लिए उसने प्रधानमंत्री आवास योजना की अंतिम किश्त 50 हजार रुपए दिलाने की मांग की है। इस प्रकरण में सीएमओ वारासिवनी को निर्देशित किया गया है कि मौके पर जाकर गृह निर्माण का कार्य देख ले और आवश्यकता अनुसार कार्यवाही सुनिश्चित करें।
जनसुनवाई में ग्राम खारा के कृषक समर्थन मूल्य पर धान खरीदी के लिए उपार्जन केंद्र खारा को यथावत रखने की शिकायत लेकर आए थे। कृषकों ने बताया कि उपार्जन केंद्र खारा का केंद्र सांई कृपा वेयर हाउस नेवरगांवकला में बनाया जा रहा है, इससे खारा के किसानो को बहुत कठिनाईयो का सामना करना पड़ेगा। उन्होंने बताया कि उपार्जन केंद्र खारा में 08 ग्राम आते है और खारा उपार्जन केंद्र खरीदी का बड़ा केंद्र है, जबकि साई कृपा वेयर हाउस में जगह की कमी है वहीं वह हाइवे से लगा हुआ भी है जिसके कारण किसानो को बहुत कठिनाईयो का सामना करना पड़ेगा। इस पर जिला आपूर्ति अधिकारी को आवश्यक कार्यवाही करने कहा गया है।
लांजी तहसील के वार्ड नं.10 की दुलारीबाई कश्यप शिकायत लेकर आयी थी कि उसे धारणाधिकार योजना का लाभ नही मिल रहा है। दुलारीबाई ने बताया कि उसने 01 अक्टूबर 2025 को धारणाधीकार योजना अंतर्गत आवेदन पत्र दस्तावेज के साथ प्रस्तुत कर दिया है, किंतु उसे अब तक इस योजना का लाभ प्राप्त नही हो पाया है। जबकि उसके पडोस के रहवासियो को इस योजना का लाभ मिलने लगा है। इस प्रकरण में एसडीएम लांजी को प्रकरण की जांच कर आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिये गए है। लांजी तहसील के ही ग्राम पालडोंगरी निवासी दो नाबालिग बच्चे प्रतिक कावडे एवं कृति कावडे शासन से सहायता की मांग लेकर आए थे। बच्चों ने बताया कि उनके माता पिता की मृत्यु हो जाने के बाद वे अनाथ हो गए है। अब वे अपने नाना नानी के पास लालबर्रा तहसील के ग्राम ददिया में रह रहे है। बच्चों का कहना था कि उन्हें पिता की मृत्यु के बाद की सहायता राशि एवं मुख्यमंत्री बाल आशीर्वाद योजना की राशि का लाभ नही मिला है। इस प्रकरण में महिला एवं बाल विकास की जिला कार्यक्रम अधिकारी को आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए है।
जनसुनवाई में लालबर्रा विकासखंड के ग्राम पंचायत बल्हारपुर के ग्रामीण विद्युत पोल विस्तारीकरण की मांग लेकर आए थे। ग्रामीणों का कहना था कि उनके घर ग्राम से 500 मीटर की दूरी पर है जिस वजह से उनके घर तक विद्युत पोल नही पहुंच पाए है। इस वजह से उनका परिवार रोज अंधेरे में जीवनयापन करता है। इस प्रकरण में एमपीईबी के अधीक्षण यंत्री को आवश्यक कार्यवाही करने कहा गया है। बालाघाट तहसील के ग्राम खैरी के ग्रामीण शिकायत लेकर आए थे कि उनके ग्राम में बहुत से लोगो को प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ नही मिल रहा है। ग्रामीणों का कहना था कि पिछले 05 वर्षो से उनके ग्राम के लोगो को प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ प्राप्त नही हो पा रहा है, जबकि ग्राम में कई मकान क्षतिग्रस्त होकर गिरने की कगार में आ गए है। ऐसे में उन्हें नया आवास निर्मित करना जरूरी हो गया है। ग्रामीणों ने प्रशासन से गुहार लगाई है कि उन्हें शीघ्र इस योजना का लाभ दिलाया जाए। इस प्रकरण में जनपद सीईओ बालाघाट को आवश्यक कार्यवाही करने कहा गया है।
जनसुनवाई में वारासिवनी तहसील के ग्राम लिंगमारा की शासकीय प्राथमिक शाला कलारीटोला के बच्चे अपने पालको के साथ शिकायत लेकर आए थे कि उनकी शाला में पदस्थ शिक्षक धरम सिंह अहाके सप्ताह में एक दिन स्कूल आते है और सब दिन की हाजरी लगा देते है। वे जब भी स्कूल आते है तो शराब पीकर आते है, जिससे शाला में बच्चों की पढ़ाई नही हो रही है और उनका भविष्य अंधकारमय हो रहा है। शिक्षक अहाके की पहले भी कई बार शिकायत की जा चुकी है और पंचनामा भी बनाया जा चुका है, लेकिन इसके बाद भी उन पर कोई कार्यवाही नही की गई है और न ही उनके व्यवहार में कोई सुधार आया है। शिक्षक अहाके बच्चों एवं ग्रामीणों से कहते है कि मेरा कोई कुछ भी नही बिगाड़ सकता है। इस प्रकरण में सर्व शिक्षा अभियान के जिला परियोजना समन्वयक को कार्यवाही करने के निर्देश दिये गए है।
जनसुनवाई में विकासखंड बैहर की ग्राम पंचायत नव्ही के ग्राम जालदा के बैगा जनजाति के माहु मेरावी गांव में पुलिया एवं सड़क निर्माण की मांग लेकर आए थे। उनका कहना था कि ग्राम जालदा में बैगा जनजाति के लोग रहते है और उनके करीब 20 मकान है। गांव में बच्चें पढ़ने लिखने वाले है लेकिन उनके स्कूल आने जाने के लिए सड़क एवं पुलिया की व्यवस्था नही है। कटंगनाला बारिश के समय ऊफान पर आ जाता है जिसके कारण आने जाने वालों को भारी परेशानी होती है। ग्राम पंचायत के सरपंच द्वारा भी इस पर ध्यान नही दिया जा रहा है। इस प्रकरण में ग्रामीण यांत्रिकी सेवा के कार्यपालन यंत्री को कार्यवाही करने के निर्देश दिये गए है।
खैरलांजी तहसील की ग्राम कुम्हली के शरद कुमार पांडेय शिकायत लेकर आए थे कि कुम्हली पंचायत के ग्राम मानेगांव की नलजल योजना में ठेकेदार द्वारा गुणवत्ता का कार्य नही किया गया है। पानी की टंकी से पानी का रिसाव होता है और टंकी बनाते समय ही इसमें दरार पड़ गई थी। टंकी से गांव वालो को पर्याप्त पानी भी नही मिलता है। अत: इसकी जांच करायी जाए। इस प्रकरण में लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के कार्यपालन यंत्री को कार्यवाही करने के निर्देश दिये गए है। लालबर्रा तहसील के ग्राम कौडि़या का बनवासी नागेश्वर अपनी पत्नी की मृत्यु के बाद मृत्यु प्रमाण पत्र दिलाने की मांग लेकर आया था। बनवासी का कहना था कि उसकी पत्नी श्यामलता नागेश्वर की 12 मई 2024 को तेलंगाना के हैदराबाद में दुर्घटना के दौरान मृत्यु हो गई है लेकिन उसका मृत्यु प्रमाण पत्र अब तक प्राप्त नही हुआ है। इस प्रकरण में जनपद पंचायत लालबर्रा के सीईओ को कार्यवाही करने के निर्देश दिये गए है।
खैरलांजी तहसील के ग्राम बेनी निवासी दीपक घासीराम शिकायत लेकर आए थे कि वर्ष 2023 में मनरेगा के अंतर्गत कूप निर्माण के लिए उन्हें 02 लाख 65 हजार रुपए की राशि स्वीकृत की गई थी। उसके खेत में कूप का निर्माण कर लिया गया है लेकिन इसकी 01 लाख 55 हजार रुपए की राशि अब तक प्राप्त नही हुई है। अत: इस राशि का शीघ्र भुगतान कराया जाए। इस प्रकरण में जनपद पंचायत खैरलांजी के सीईओ को कार्यवाही करने के निर्देश दिये गए है।



