Home छत्तीसगढ़ मानपुर बाक्स कल्वर्ट की क्षतिग्रस्त एप्रोच सुधार हेतु पौने दो करोड़ की...

मानपुर बाक्स कल्वर्ट की क्षतिग्रस्त एप्रोच सुधार हेतु पौने दो करोड़ की राशि स्वीकृत-अनुभा

2
0

अमोली से समनापुर, रमपुरी से सिहोरा मार्ग को लेकर भी प्रयास जारी

बालाघाट- बालाघाट विधायक अनुभा मुंजारे के अपने क्षेत्र के विकास के प्रयास को एक और सफलता प्राप्त हुई है। इस बार लालबर्रा बोरी से बरघाट के बीच मानपुर बाक्स कल्वर्ट पुलिया के क्षतिग्रस्त एप्रोच के सुधार हेतु 1 करोड़ 78 लाख 14 हजार रूपये की राशि स्वीकृत की गई है। जिसके कार्य हेतु राशि सहित प्रशासकीय स्वीकृति जारी कर दी गई है। जिसके सुधार कार्य होने से नागरिकों को आवागमन में सुविधा होगी। बता देवें कि लालबर्रा बोरी से बरघाट के बीच मानपुर के चैनेज 700 मीटर पर मंडी निधि से बाक्स कल्वर्ट बनाया गया था। लेकिन निर्माण कार्य निम्र स्तरीय होने के चलते मानपुर के पास में बाक्स कल्वर्ट की एप्रोच बहुत ज्यादा क्षतिग्रस्त हो गई थी। जिसके कारण यहां से आवागमन करने को लेकर परेशानी हो रही थी। स्थानीय स्तर पर लोगों द्वारा इस संबंध में क्षतिग्रस्त पुलिया को बनाये जाने की मांग की जा रही थी। इसी के संबंध में विधायक अनुभा मुंजारे लगातार प्रयासरत थी। जिन्होने पिछले विधानसभा सत्र में इस मामले को विधानसभा में उठाया था और उसके संबंध में सरकार की ओर से इसके सुधार कार्य कराये जाने का आश्वासन दिया गया था। इसी के चलते इस कार्य के लिये अब राशि सहित प्रशासकीय स्वीकृति जारी कर दी गई है। मध्यप्रदेश ग्रामीण सड़क विकास प्राधिकरण भोपाल प्रमुख अभियंता विजय गुप्ता की ओर से इस संबंध में प्रशासकीय स्वीकृति संबंधी आदेश जारी कर दिये गये है। इस संबंध में विधायक अनुभा मुंजारे ने कहा कि मंडी निधि से बनाये गये मानपुर से बरघाट मार्ग पर बॉक्स कल्वर्ट पुलिया की एप्रोच बहुत ज्यादा क्षतिग्रस्त हो गई थी। जिससे स्थानीय व क्षेत्र के लोगों को आवागमन में परेशानी हो रही थी और इस संबंध में उसके सुधार करने की मांग की जा रही थी। मेरे द्वारा इस मामले को विधानसभा में उठाया गया था और सरकार का ध्यान आकर्षित कर इसके सुधार कार्य करने की मांग की गई थी। इसी मांग के चलते अब मानपुर से बरघाट मार्ग के चैनेज क्रमांक 700 मीटर पर बॉक्स कल्वर्ट के क्षतिग्रस्त एप्रोच के सुधार कार्य हेतु 178.14 लाख रूपये की प्रशासकीय स्वीकृति के साथ राशि जारी हो गई है। इस कार्य के होने से यहां पर लोगों को आवागमन में सुविधा होगी। विधायक श्रीमती मुंजारे ने कहा कि इसके अलावा उन्होने अमोली से समनापुर मार्ग और रमपुरी से सिहोरा मार्ग को लेकर भी प्रयास जारी है। मुख्यमंत्री डॉक्टर मोहन यादव को इस संबंध में मांग पत्र सौंपा गया है। मुख्यमंत्री ने इस कार्यो को आगामी बजट में प्रशासकीय स्वीकृति दिये जाने का आश्वासन दिया है। निश्चित ही वह अपने क्षेत्र के विकास को लेकर प्रयासरत है और उम्मीद है कि हम अपने क्षेत्र के मूलभूत सुविधाओं वाले कार्यो को इसी तरह से गति दे सकेगें। जनता की उम्मीद को पूरा करने का प्रयास जारी रहेगा।