रायपुर में छत्तीसगढ़ महतारी की मूर्ति तोड़फोड़ के विरोध में जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी ने आज प्रदेश बंद का ऐलान किया है। हालांकि, चेंबर ऑफ कॉमर्स ने इस बंद को समर्थन नहीं दिया है, इसलिए सभी दुकानें खुली रहेंगी।
इस बीच, छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना के अध्यक्ष अमित बघेल द्वारा महाराजा अग्रसेन और पंडित दीनदयाल उपाध्याय के खिलाफ अपशब्द कहे जाने पर प्रदेशभर में विरोध जारी है। इस मामले में उनके खिलाफ FIR दर्ज की गई है।
इसी घटनाक्रम के बाद रायगढ़ जिले में सिंधी समाज के एक युवक ने सतनामी समाज के गुरु के लिए अपशब्द कहे। उसका वीडियो वायरल होने के बाद सतनामी समाज ने विरोध प्रदर्शन किया। इसके बाद युवक के खिलाफ FIR दर्ज की गई और अब सिंधी समाज ने भी उसे समाज से बहिष्कृत कर दिया है।
जानिए विवाद की शुरुआत कैसे हुई
1 नवंबर को छत्तीसगढ़ स्थापना के 25 साल पूरे हो जाएंगे। इससे पहले 26 अक्टूबर को एक मानसिक रूप से बीमार युवक ने VIP चौक पर लगे छत्तीसगढ़ महतारी की मूर्ति को तोड़ दिया। जिसके बाद छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना ने इसका विरोध किया।
अगले दिन जब विरोध प्रदर्शन चल रहा था तब छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना के अध्यक्ष अमित बघेल ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय, श्यामा प्रसाद मुखर्जी, अग्रसेन महाराज की मूर्ति क्यों नहीं टूटती है। इनकी मूर्ति पर पेशाब क्यों नहीं करते हैं। कौन है अग्रसेन महराज। चोर है या झूठा है। पाकिस्तानी सिंधी क्या जानते हैं। मछली वाले भगवान के बारे में। उन्होंने हमारी छत्तीसगढ़ी महतारी के गर्दन को काटकर अपमान किया है।
इस आपत्तिजनक टिप्पणी के खिलाफ प्रदेशभर में अग्रवाल समाज और सिंधी समाज भड़क उठा। रायपुर, रायगढ़ और सरगुजा समेत कई जिलों में समाज के लोगों ने विरोध जताते हुए FIR दर्ज करने की मांग की। इसके बाद कई जिलों में बघेल के खिलाफ मामला दर्ज हुआ।



