Home छत्तीसगढ़ 6 लाख सरकारी कर्मचारियों को होगा फायदा:कर्मचारियों की कुंडली अब मोबाइल एप...

6 लाख सरकारी कर्मचारियों को होगा फायदा:कर्मचारियों की कुंडली अब मोबाइल एप पर, फाइलें पलटने का झंझट खत्म

5
0

रायपुर- प्रदेश के करीब 6 लाख सरकारी कर्मचारियों की सीआर के लिए फाइलें पलटने का झंझट खत्म हो गया है। कर्मचारियों की प्रोफाइल अब एम्पलाई कॉर्नर मोबाइल एप पर अपडेट होगी।

ऐसा होने पर सेवानिवृत्ति, पदोन्नति, वेतन विसंगति के वक्त परेशानी नहीं होगी। नई व्यवस्था के अनुसार अब कर्मचारियों की प्रोफाइल कार्मिक संपदा के पोर्टल पर लोड व अपडेट करनी होगी। इसके लिए एम्पलाई कॉर्नर एप और एम्पलाई कॉर्नर पोर्टल बनाया गया है। संचालनालय कोष एवं लेखा की इस नई व्यवस्था को तत्काल लागू किया जा रहा है।

कर्मचारियों की कुंडली अपडेट रखने में इससे बड़ी मदद मिलेगी। हालांकि 2019 से कार्मिक संपदा मॉड्यूल का उपयोग किया जा रहा है, लेकिन यह नया डिजिटल प्लेटफॉर्म कर्मचारियों को उनकी व्यक्तिगत एवं सेवा संबंधी जानकारी तत्काल व सुविधाजनक तरीके से उपलब्ध कराएगा। संचालनालय ने यह पाया है कि कार्मिक संपदा पोर्टल पर कर्मचारी जानकारी अपलोड नहीं करते हैं।

इसकी वजह से जब वे सेवानिवृत्त होते हैं तो कई तरह की परेशानियों व समस्याओं का सामना करना पड़ता है। कार्मिक संपदा मॉड्यूल में व्यक्तिगत जानकारी अपलोड या अपडेट करने के लिए कार्यालय प्रमुख की जिम्मेदारी है। उन्हें जानकारी अद्यतन करने में समय लगता है। इन असुविधाओं को ध्यान में रखते हुए वित्त विभाग ने कार्मिक संपदा मॉड्यूल पर जानकारी अपडेट करने के लिए संचालनालय कोष एवं लेखा ने एम्पलाई कॉर्नर मोबाइल एप बनवाया।

एम्पलाई कॉर्नर वेब एप्लीकेशन को भी संशोधित किया गया है। इसके जरिए सभी सरकारी कर्मचारी जिनका एम्पलाई कोड जनरेट हो चुका है वे मेकर के रूप में अपनी व्यक्तिगत जानकारी अपलोड कर सकेंगे। इसके चेकर यानी कार्यालय प्रमुख इन जानकारियों को सेवा पुस्तिका यानी सीआर के अभिलेखों के आधार पर अपडेट करेंगे।

एप से मिलेंगे ये फायदे

{सेवा से संबंधित जानकारी और नामिनी परिवर्तन, बैंक खाता नंबर परिवर्तन आदि के लिए निर्भरता नहीं होने से अनावश्यक विलंब को कम किया जा सकेगा। {स्थानांतरण, वेतन निर्धारण, पदोन्नति, अन्य प्रशासकीय कार्यों में पारदर्शिता व त्वरित्ता आएगी। {सेवा के दौरान और सेवानिवृत्ति के बाद मिलने वाले स्वत्वों जैसे पेंशन, जीपीएफ, उपादान, अवकाश नगदीकरण के प्रकरणों का डाटा अपडेट होने से कार्यालय प्रमुख कम समय में निराकरण कर सकेंगे। {कार्मिक संपदा मॉड्यूल अद्यतन होने से वेतन विसंगति से संबंधित समस्याएं कम होंगी। {कर्मचारियों से सेवा संबंधी आवेदन मिलने पर सक्षम अधिकारी भी समय पर निपटारा कर सकेंगे।

20 मई तक जानकारी करनी होगी अपडेट संचालक कोष एवं लेखा रीतेश कुमार अग्रवाल के अनुसार, प्रोफाइल की प्रक्रिया को सरल और सुगम बनाने इसे बनाया गया है। एप और एम्पलाई कॉर्नर वेब एप्लीकेशन के उपयोग के लिए एसओपी की जानकारी भी दी गई है। कर्मचारियों को इसके अनुसार 20 मई तक एम्पलाई कॉर्नर एप पर या एम्पलाई कॉर्नर वेब एप्लीकेशन पर लॉगइन कर जानकारी अपडेट करनी होगी।