नई दिल्ली- मौसम विभाग ने अरुणाचल, सिक्किम समेत पूर्वाेत्तर के 8 राज्यों में आज भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। वहीं मध्य प्रदेश, बिहार, झारखंड समेत 10 राज्यों में ओले गिरने की संभावना जताई है। मौसम के इस बदलाव से इन राज्यों में पड़ रही तेज गर्मी से थोड़ी राहत मिल सकती है।
हालांकि अगले 4 दिन तक राजस्थान, दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, चंडीगढ़, यूपी, मध्यप्रदेश, गुजरात में हीटवेव और गर्मी का असर कम नहीं होने वाला है। शनिवार को ही 12 शहरों में पारा 44 डिग्री का आंकड़ा पार कर गया। सबसे ज्यादा 44.8° तापमान यूपी के सुल्तानपुर में दर्ज हुआ।
बाकी शहरों में ओडिशा का झारसुगुड़ा और बौध, महाराष्ट्र का परभणी, उत्तर प्रदेश के कानपुर, प्रयागराज, वाराणसी, हमीरपुर और गाजीपुर, बिहार के गया, औरंगाबाद और देहरी शामिल है। अकेले राजस्थान के 16 शहरों में पारा 40 डिग्री से ज्यादा रहा।
शनिवार को दिल्ली में भी पारा 42.1 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया, जो पिछले तीन सालों में सबसे ज्यादा है। इससे पहले 2022 में राजधानी में अधिकतम तापमान 43.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था।
अगले 3 दिनों का मौसम अपडेट…
- 28 अप्रैल- नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, सिक्किम, केरल, कर्नाटक और बंगाल में भारी बारिश की चेतावनी है। ओडिशा और छत्तीसगढ़ में ओले गिर सकते हैं। पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, मध्यप्रदेश में हीटवेव का अलर्ट है। राजस्थान में लगातार दूसरे दिन के साथ-साथ रात के तापमान में बढ़ोतरी होगी।
- 29 अप्रैल- केरल, कर्नाटक, ओडिशा, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और राजस्थान में हीटवेव का अलर्ट है।
- 30 अप्रैल- पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, राजस्थान, मध्यप्रदेश में हीटवेव का अलर्ट है, जबकि उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, गुजरात, छत्तीसगढ़ में तेज गर्मी पड़ेगी। ओडिशा, केरल में भारी बारिश हो सकती है। जबकि कर्नाटक, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में आंधी, बारिश और बिजली गिरने के आसार हैं।