Home छत्तीसगढ़ कलेक्टर आदित्य सिंह ने पुलिस एवं राजस्व अधिकारियों की बैठक में दिए...

कलेक्टर आदित्य सिंह ने पुलिस एवं राजस्व अधिकारियों की बैठक में दिए निर्देश, नशे के कारोबार पर रोक और सड़क सुरक्षा पर विशेष जोर

13
0

बालाघाट। जिले में कानून व्यवस्था को मजबूत बनाने, आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने और सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए कलेक्टर श्री आदित्य सिंह की अध्यक्षता में 21 नवंबर को पुलिस एवं राजस्व विभाग के अधिकारियों की संयुक्त बैठक आयोजित की गई। बैठक में कलेक्टर ने अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने तथा कानून व्यवस्था से जुड़े मामलों में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में पुलिस अधीक्षक श्री मलय जैन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री नितेश भार्गव, नगर पुलिस अधीक्षक श्री अभिषेक सिर्रा, संयुक्त कलेक्टर श्री सुधीर जैन सहित सभी एसडीएम, एसडीओपी, तहसीलदार एवं थाना प्रभारी उपस्थित रहे।

आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों पर होगी सख्त कार्रवाई

कलेक्टर श्री सिंह ने सभी पुलिस एवं राजस्व अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में बेहतर समन्वय के साथ काम करने और प्रत्येक माह अनुभाग स्तर पर नियमित रूप से संयुक्त बैठक आयोजित करने के निर्देश दिए। उन्होंने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 129 एवं 126 के तहत दर्ज प्रकरणों में तत्परता से कार्रवाई करने को कहा, ताकि आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों के विरुद्ध बाउंड ओवर एवं जिला बदर जैसी कार्रवाई शीघ्र की जा सके।

उन्होंने स्पष्ट किया कि पुलिस अधिकारियों द्वारा बैठक में दिए गए सुझावों पर गंभीरता से अमल किया जाएगा। साथ ही उन्होंने कहा कि जिन ग्राम कोटवारों द्वारा आपराधिक घटनाओं की सूचना पुलिस तक पहुंचाने में लापरवाही बरती जाएगी अथवा पुलिस को सहयोग नहीं किया जाएगा, उनके विरुद्ध पद से पृथक करने की कार्रवाई की जाएगी। उन्‍होंने पुलिस अधिकारियों से कहा कि सुरक्षा एवं अपराधों को रोकने के लिए जहॉ हाईमास्‍क लाईट एवं अन्‍य सामग्री की आवश्‍यकता हो तो वे जिला प्रशासन इसके प्रस्‍ताव दे, उन पर त्‍वरित कार्यवाही की जाएगी।

पुलिस अधीक्षक श्री मलय जैन ने बताया कि जिले के सभी नगरीय क्षेत्रों में जनसहयोग से सीसीटीवी कैमरे स्थापित कराने की पहल की जाएगी। इससे आपराधिक गतिविधियों पर निगरानी रखने और अपराधों की रोकथाम में मदद मिलेगी।

नशे के कारोबार पर रोक लगाने विशेष अभियान की जरूरत

बैठक में नारकोटिक्स, नशीली दवाओं एवं मादक पदार्थों की तस्करी पर रोक लगाने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों ने स्कूलों एवं कॉलेजों में नशे के दुष्प्रभावों के प्रति विद्यार्थियों को जागरूक करने तथा आमजन के बीच नशामुक्ति अभियान चलाने की आवश्यकता बताई। बैठक में जानकारी दी गई कि हाल के दिनों में रामपायली, चांगोटोला, लांजी एवं परसवाड़ा थाना क्षेत्रों में मादक पदार्थों की जब्ती की गई है तथा संबंधित मामलों में प्रकरण दर्ज किए गए हैं।

सात ब्लैक स्पॉट पर दुर्घटनाओं में आई रोक

सड़क सुरक्षा की समीक्षा के दौरान जिले में चिन्हित सात ब्लैक स्पॉट की जानकारी दी गई। इनमें अर्जुन नाला, मिरेगांव, कनकी, खुरसोडी, किरनापुर क्षेत्र में डॉ. बाकट के घर के पास, डोंगरिया में आरटीओ कार्यालय के पास तथा खरखड़ी शामिल हैं। इन सभी स्थानों पर सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए आवश्यक उपाय किए गए हैं। अधिकारियों ने बताया कि इन प्रयासों के परिणामस्वरूप वर्ष 2026 में अब तक इन सातों ब्लैक स्पॉट पर कोई दुर्घटना दर्ज नहीं हुई है।

बैठक में प्रधानमंत्री राहत योजना के संबंध में बताया गया कि सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति के उपचार के लिए सात दिनों के भीतर संबंधित अस्पताल को अधिकतम 1.50 लाख रुपये तक की राशि उपलब्ध कराई जाती है। इस योजना के क्रियान्वयन में बालाघाट जिला प्रदेश में प्रथम स्थान पर है। हिट एंड रन के 23 प्रकरण दर्ज किए गए हैं, जिनमें से 11 प्रकरणों में राहत राशि स्वीकृत हो चुकी है, जबकि 12 प्रकरण निराकरण के लिए लंबित हैं। वहीं, राहवीर योजना के तहत 11 प्रकरण स्वीकृति के लिए भेजे गए हैं।

नियमों का पालन नहीं करने वाले स्कूलों पर होगी कार्रवाई

बैठक में निजी स्कूलों द्वारा संचालित बसों में सुरक्षा मानकों का पालन नहीं किए जाने का मुद्दा भी प्रमुखता से उठा। अधिकारियों ने बताया कि स्कूली बच्चों को ले जाने वाले निजी वाहन भी निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन नहीं कर रहे हैं। इसके अलावा मजदूरों के परिवहन में उपयोग किए जाने वाले पिकअप वाहनों से भी दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। इस पर कलेक्टर श्री सिंह ने जिला परिवहन अधिकारी को ऐसे वाहनों की सघन जांच करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि निजी स्कूल संचालकों द्वारा सुरक्षा मानकों का पालन नहीं किया जाता है तो उनकी स्कूल की मान्यता निरस्त करने की कार्रवाई की जाएगी।

नगर पालिका के कचरा वाहनों का मुद्दा भी उठाया गया। बताया गया कि पीछे से खुले होने के कारण इन वाहनों से सड़क पर कचरा गिरता रहता है, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। इस समस्या का भी उचित समाधान करने की आवश्यकता बताई गई।

पार्किंग, डायवर्सन और स्वास्थ्य सुविधाओं पर भी हुई चर्चा

बैठक में भटेरा रेल ओवरब्रिज निर्माण के चलते बनाए गए डायवर्सन मार्ग पर यातायात व्यवस्था को लेकर भी चर्चा की गई। बालाघाट शहर के कालीपुतली चौक सहित अन्य प्रमुख स्थानों पर नगर पालिका के माध्यम से कार एवं अन्य वाहनों के लिए व्यवस्थित पार्किंग स्थल विकसित करने की आवश्यकता बताई गई। इसके अलावा डेंजर रोड पर रात्रि के समय पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था करने, बैहर में महिला चिकित्सक की पदस्थापना सुनिश्चित करने तथा सभी चिकित्सकों की मेडलेपार आईडी बनाने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी चर्चा हुई।

कलेक्टर श्री सिंह ने संबंधित अधिकारियों को बैठक में उठाए गए विषयों पर गंभीरता से कार्रवाई करने तथा कानून व्यवस्था, सड़क सुरक्षा और आमजन की सुविधाओं को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।

संलग्‍न फोटो क्रमांक:- 17 से 21