24 आवेदकों ने अपनी समस्याओं से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए
वारासिवनी के बीईओ एवं बीआरसी को नोटिस जारी करने के निर्देश
बालाघाट, । प्रत्येक मंगलवार को आयोजित होने वाली जनसुनवाई की श्रृंखला में 10 नवंबर को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जनसुनवाई का आयोजन किया गया। कलेक्टर श्री आदित्य सिंह की अध्यक्षता में जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुश्री तनुश्री मीणा, अपर कलेक्टर श्री डीपी बर्मन ने आवेदकों की समस्याएं सुनीं और संबंधित विभागों के अधिकारियों को उनके निराकरण के निर्देश दिए। जनसुनवाई में 24 आवेदक अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे।
जनसुनवाई में वारासिवनी तहसील अंतर्गत शासकीय माध्यमिक शाला डोंगरगांव संकुल शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला मेंढकी के सेवानिवृत्त शिक्षक नंदलाल बोकडे एरियर की द्वितीय किश्त का भुगतान नही करने संबंधी शिकायत लेकर आए थे। सेवानिवृत्त शिक्षक नंदलाल बोकडे का कहना था कि वे 31 जनवरी 2022 को सेवानिवृत्त हो गए है। शासन के आदेशानुसार उन्हें प्रथम नियुक्ति से पूर्ण वेतनमान का एरियर्स दो किश्तों में दिया जाना था। उन्हें 01 लाख 28 हजार 140 रुपए की प्रथम किश्त का भुगतान कर दिया गया है लेकिन 01 लाख 71 हजार 450 रुपए की द्वितीय किश्त का भुगतान 02 वर्ष 10 माह बीत जाने के बाद भी नही किया गया है। इस प्रकरण में कलेक्टर श्री सिंह ने वारासिवनी के बीईओ एवं बीआरसी को नोटिस जारी कर जवाब तलब करने के निर्देश दिये है। इसके साथ ही द्वितीय किश्त का शीघ्र भुगतान करने कहा गया है।

किरनापुर तहसील अंतर्गत ग्राम परसवाड़ा निवासी भवानी तिवारी अपनी निजी भूमि पर बिना अनुमति गेट एवं बैनर लगाए जाने और आवागमन बाधित किये जाने की शिकायत लेकर आये थे। उनका कहना था कि सलीम खान, जावेद खान, शानू खान एवं उनके साथियों ने उनकी निजी भूमि पर बिना अनुमति गेट और बैनर लगा दिए हैं, जिससे उन्हें अपनी ही जमीन पर आने-जाने में परेशानी हो रही है। भवानी ने बताया कि इस संबंध में पूर्व में तहसीलदार किरनापुर को लिखित शिकायत देने के साथ जनसुनवाई में भी आवेदन किया गया था, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इस प्रकरण में एसडीएम किरनापुर को आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिये गए है।
जनसुनवाई में लालबर्रा तहसील अंतर्गत ग्राम पंचायत अमोली के डामेंद्र कुमार धानेश्वर शासकीय महाविद्यालय लालबर्रा के लोक सूचना अधिकारी पर तीन आरटीआई आवेदनों का निर्धारित समय-सीमा में जवाब नहीं दिये जाने की शिकायत लेकर आये थे। डामेंद्र ने बताया कि उनके द्वारा 27, 29 एवं 30 सितंबर 2026 को भेजे गए तीनों आवेदनों की डिलीवरी होने के बावजूद 10 नवंबर तक लोक सूचना अधिकारी द्वारा कोई जानकारी उपलब्ध नहीं कराई गई है। अत: उन्होंने मामले की जांच कर संबंधित लोक सूचना अधिकारी पर कार्रवाई किए जाने की मांग की है। इस प्रकरण में अपर कलेक्टर को आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने कहा गया है।
ग्राम अमोली के ही डामेंद्र कुमार द्वारा त्यौहारों के समय भोपाल-इंदौर से बालाघाट चलने वाली बसों का किराया बहुत अधिक बढा दिये जाने की शिकायत की गई और इस पर रोक लगाने की मांग की गई। इस पर जिला परिवहन अधिकारी को कार्यवाही करने के निर्देश दिये गए है।




