नई दिल्ली |

बालाघाट–सिवनी लोकसभा क्षेत्र की सांसद श्रीमती भारती पारधी ने नई दिल्ली में आयोजित 12वें BRICS संसदीय मंच के अवसर पर भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए वियतनाम की नेशनल असेंबली की माननीय सदस्य एवं वियतनामी प्रतिनिधिमंडल की प्रमुख डॉ. थाई क्विन्ह माई डुंग का आत्मीय स्वागत किया। यह अवसर भारत और वियतनाम के बीच मैत्रीपूर्ण संबंधों तथा संसदीय सहयोग को और सुदृढ़ करने की दिशा में महत्त्वपूर्ण रहा।
इस अवसर पर सांसद श्रीमती भारती पारधी ने भारत और वियतनाम के बीच ऐतिहासिक मैत्री, पारस्परिक विश्वास तथा रणनीतिक साझेदारी के महत्त्व को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि संसदीय कूटनीति विभिन्न देशों के जनप्रतिनिधियों के बीच संवाद एवं सहयोग को बढ़ावा देने के साथ-साथ साझा वैश्विक चुनौतियों के समाधान की दिशा में सामूहिक प्रयासों को प्रोत्साहित करती है।
सांसद भारती पारधी ने कहा कि भारत और वियतनाम के संबंध साझा सभ्यतागत मूल्यों, ऐतिहासिक सांस्कृतिक संपर्कों तथा क्षेत्रीय शांति, स्थिरता एवं समृद्धि के प्रति साझा प्रतिबद्धता पर आधारित हैं। BRICS संसदीय मंच जैसे बहुपक्षीय आयोजन विभिन्न देशों की संसदों के बीच संवाद को व्यापक बनाने तथा आर्थिक विकास, अंतरराष्ट्रीय सहयोग और वैश्विक सुशासन जैसे महत्त्वपूर्ण विषयों पर विचारों के आदान-प्रदान का अवसर प्रदान करते हैं।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि ऐसे मंच भारत–वियतनाम संबंधों को नई ऊर्जा प्रदान करेंगे तथा दोनों देशों के बीच संसदीय सहयोग, संस्थागत सहभागिता और जन-जन के पारस्परिक संबंधों को और अधिक सुदृढ़ बनाएंगे।
सांसद श्रीमती भारती पारधी ने कहा कि संसदीय कूटनीति केवल औपचारिक संवाद का माध्यम नहीं, बल्कि विभिन्न राष्ट्रों के बीच विश्वास निर्माण, साझा हितों की समझ और वैश्विक सहयोग को नई दिशा देने का सशक्त आधार है।
भारत और वियतनाम के बीच मैत्रीपूर्ण संबंधों को प्रगाढ़ करने तथा संसदीय कूटनीति के माध्यम से अंतरराष्ट्रीय सहयोग को नई ऊँचाइयों तक ले जाने की दिशा में यह सहभागिता महत्त्वपूर्ण है।




