Home छत्तीसगढ़ गोदामों का चिन्हांकन, बारदानों की व्यवस्था और राइस मिलर्स से अनुबंध करने के...

गोदामों का चिन्हांकन, बारदानों की व्यवस्था और राइस मिलर्स से अनुबंध करने के निर्देश

3
0

धान खरीदी की तैयारियों की कलेक्टर ने की समीक्षा

बालाघाट । कलेक्टर श्री आदित्य सिंह की अध्यक्षता में 22 अक्टूबर को जिला उपार्जन समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी के लिए उपार्जन केंद्रों की व्यवस्था, धान का परिवहन, गोदामों एवं ओपन कैप में भंडारण तथा कस्टम मिलिंग की तैयारियों की समीक्षा की गई।

 

कलेक्टर श्री सिंह ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि धान के सुरक्षित भंडारण के लिए आवश्यकता के अनुसार गोदामों का चिन्हांकन समय पर कर लिया जाए। किसानों से खरीदे जाने वाले धान की कस्टम मिलिंग के लिए राइस मिलर्स से शीघ्र अनुबंध करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि ऐसी व्यवस्था बनाई जाए, जिससे राइस मिलर्स उपार्जन केंद्रों से सीधे धान का उठाव कर मिलिंग कर सकें। राइस मिलर्स को उनकी मिलिंग क्षमता के अनुसार ही धान उपलब्ध कराया जाए। साथ ही, धान खरीदी के लिए पर्याप्त बारदानों की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर श्री सिंह ने कहा कि धान खरीदी से संबंधित सभी तैयारियां निर्धारित समय-सीमा में पूरी कर ली जाएं, ताकि उपार्जन के दौरान किसानों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। उन्होंने कस्टम मिलिंग के संबंध में राइस मिलर्स के साथ शीघ्र बैठक आयोजित करने के निर्देश भी दिए।

बैठक में अपर कलेक्टर श्री डी.पी. बर्मन, कृषि उपसंचालक श्री फूलसिंह मालवीय, जिला आपूर्ति अधिकारी श्री संत कुमार भलावी, जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के महाप्रबंधक श्री अभिनव सिंह बघेल, वेयरहाउस के जिला प्रबंधक श्री पटले, नागरिक आपूर्ति निगम के अधिकारी तथा उपार्जन समिति के सदस्य अधिकारी उपस्थित थे।

संलग्न फोटो क्रमांक:- 39 से 41