रायपुर नगर निगम ने लंबे समय से संपत्ति कर समेत अन्य बकाया राशि जमा नहीं करने वाले बड़े बकायेदारों पर कार्रवाई की है। जोन-8 की राजस्व टीम ने वार्ड 1, 2 और 21 में 8 व्यवसायिक परिसरों को सील किया। कार्रवाई शुरू होते ही कुछ बकायेदारों ने मौके पर ही बकाया राशि जमा कर दी।

निगम के मुताबिक इन बकायेदारों को पहले डिमांड बिल, डिमांड नोटिस और अंतिम नोटिस जारी किए गए थे। इसके बावजूद भुगतान नहीं किया गया। इसके बाद निगम की टीम ने सीलबंदी की कार्रवाई शुरू की।
सील होते ही 3 बकायादारों ने जमा किए 5.24 लाख रुपए

कार्रवाई के दौरान 2 लाख रुपए से ज्यादा के बकायेदारों में से कुछ ने मौके पर ही भुगतान कर दिया। निगम के अनुसार कुल 5 लाख 24 हजार 171 रुपए की बकाया राशि जमा की गई।
वार्ड-2 में रामानंद अग्रवाल पर 5 लाख 2 हजार 813 रुपए बकाया था। सीलबंदी की कार्रवाई शुरू होते ही उन्होंने 2 लाख 63 हजार 64 रुपए का पार्ट पेमेंट कर दिया।

वहीं वार्ड-21 में अनुराग विज पर 1 लाख 70 हजार 707 रुपए और तेजेंद्र सिंह पर 90 हजार 984 रुपए बकाया था। दोनों ने कार्रवाई के दौरान मौके पर ही पूरी राशि का भुगतान कर दिया।
वार्ड-1 में 3 दुकानें सील
वीर सावरकर नगर वार्ड-1 में निगम ने तीन बकायादारों के व्यवसायिक परिसरों पर कार्रवाई की।
ओमप्रकाश तिवारी पर 75,237 रुपए बकाया था।
सुरेंद्र सिंह पर 82,554 रुपए बकाया था।
राहुल धारीवाल पर 2 लाख 11 हजार 633 रुपए बकाया था।
भुगतान नहीं करने पर तीनों के व्यवसायिक परिसरों को सील कर दिया गया।
वार्ड-2 में 2 परिसरों पर कार्रवाई

पंडित जवाहरलाल नेहरू वार्ड-2 में संतोषी देवी/रामनिवास पर 9 लाख 93 हजार 482 रुपए बकाया था। नोटिस के बाद भी भुगतान नहीं करने पर उनके व्यवसायिक परिसर को सील कर दिया गया।
इसी वार्ड में रामानंद अग्रवाल के परिसर पर भी सीलबंदी की कार्रवाई शुरू की गई थी। इसके बाद उन्होंने 2.63 लाख रुपए का भुगतान किया।
वार्ड-21 में 8 दुकानों पर लगाया ताला
शहीद भगत सिंह वार्ड-21 में रजिंदर सिंह सब्बरवाल पर 1 लाख 68 हजार 613 रुपए बकाया था। भुगतान नहीं करने पर निगम की टीम ने उनके व्यावसायिक परिसर की 8 दुकानों को सील कर दिया।
इसी वार्ड में अनुराग विज और तेजेंद्र सिंह ने कार्रवाई के दौरान अपना पूरा बकाया जमा कर दिया।
नोटिस के बाद भी भुगतान नहीं करने पर कार्रवाई
नगर निगम के अधिकारियों के मुताबिक इन बकायेदारों को पहले कई स्तर पर नोटिस दिए गए थे। इसके बावजूद राशि जमा नहीं की गई। इसके बाद सीलबंदी की कार्रवाई की गई।
कार्रवाई निगम आयुक्त संबित मिश्रा के निर्देश पर अपर आयुक्त राजस्व लोकेश्वर साहू, उपायुक्त राजस्व डॉ. अंजलि शर्मा और जोन-8 कमिश्नर राजेश्वरी पटेल के निर्देशन में की गई। राजस्व विभाग की टीम में सहायक राजस्व अधिकारी महादेव रक्सेल समेत अन्य अधिकारी-कर्मचारी शामिल रहे।




