BREAKING

छत्तीसगढ़बालाघाट

14 जून तक जिले में हल्की वर्षा, आंधी-तूफान और बिजली गिरने की संभावना

किसानों को सतर्क रहने की सलाह

     भारत मौसम विज्ञान विभाग, नई दिल्ली के क्षेत्रीय कार्यालय भोपाल से प्राप्त 5 दिवसीय मध्यम श्रेणी मौसम पूर्वानुमान के अनुसार बालाघाट जिले में 10 से 14 जून 2026 के दौरान मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। इस अवधि में जिले में मध्यम बादल छाए रहने, हल्की वर्षा होने, आंधी-तूफान चलने तथा बिजली गिरने की संभावना व्यक्त की गई है। साथ ही हवा की गति 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है।

      जिला कृषि मौसम इकाई, कृषि विज्ञान केंद्र बालाघाट द्वारा जारी पूर्वानुमान के अनुसार इस अवधि में जिले का अधिकतम तापमान 41 से 42 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम तापमान 27 से 28 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। सुबह के समय वायुमंडलीय आर्द्रता 58 से 60 प्रतिशत तथा दोपहर में 43 से 45 प्रतिशत रहने का अनुमान है।

      मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार आगामी दिनों में दक्षिण दिशा से 6 से 7 किलोमीटर प्रति घंटा की गति से हवाएं चलने की संभावना है। तेज हवा, गरज-चमक और बिजली गिरने की आशंका को देखते हुए किसानों एवं आम नागरिकों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

      कृषि विज्ञान केंद्र बड़गांव-बालाघाट के वैज्ञानिक डा धर्मेन्द्र अगासे ने बताया कि किसानों से अपील की गई है कि वे मौसम पूर्वानुमान को ध्यान में रखते हुए कृषि कार्यों की योजना बनाएं तथा खराब मौसम के दौरान खेतों एवं खुले स्थानों में अनावश्यक रूप से जाने से बचें। वहीं पशुपालकों को भी पशुओं को सुरक्षित स्थानों पर रखने की सलाह दी गई है।

     जिला कृषि मौसम इकाई ने कहा है कि मौसम संबंधी ताजा जानकारी एवं सलाह के लिए किसान नियमित रूप से कृषि विज्ञान केंद्र और मौसम विभाग द्वारा जारी बुलेटिन का अवलोकन करते रहें।

Related Posts