Home छत्तीसगढ़ जनगणना-2027 के लिए जिले में घर-घर जाकर किया जा रहा है मकान...

जनगणना-2027 के लिए जिले में घर-घर जाकर किया जा रहा है मकान सूचीकरण कार्य

1
0

आमजन से जनगणना कार्य में  सहयोग करने की कलेक्टर ने की अपील

प्रगणक को सही और सटीक जानकारी दें

बालाघाट- जनगणना-2027 के अंतर्गत बालाघाट जिले में 01 मई से प्रगणकों द्वारा मकान सूचीकरण का कार्य प्रारंभ कर दिया गया है। मकान सूचीकरण का कार्य 30 मई तक चलेगा। इस बार की जनगणना पूरी तरह डिजिटल तरीके से की जा रही है और यही इसकी सबसे बड़ी विशेषता है। इसमें मकान सूचीकरण का कार्य पेपर फॉर्म के बजाय मोबाइल ऐप के माध्यम से किया जा रहा है। प्रगणक घर-घर जाकर मोबाइल एप्लीकेशन के जरिए डेटा फीड करने का कार्य कर रहे हैं, जिससे जानकारी सटीक रहेगी और गणना कार्य में तेजी आएगी।

कलेक्टर श्री मृणाल मीना ने जिले की जनता से अपील की है कि जनगणना-2027 के लिए जब प्रगणक आपके घर आएं, तो उन्हें निर्भीक होकर सही और सटीक जानकारी दें और इस राष्ट्रीय महत्व के कार्य में अपना सहयोग प्रदान करें। जनगणना एक महत्वपूर्ण कार्य है और देश के लिए विकास योजनाओं को तैयार करने में इसका बहुत बड़ा योगदान होता है। इसलिए सभी लोग अपने घर जनगणना के लिए आने वाले प्रगणकों को सहयोग प्रदान करें, जिससे जिले में जनगणना कार्य सुगमता से और समय सीमा में पूर्ण किया जा सके। सभी प्रगणकों के पास आधिकारिक पहचान पत्र दिया गया है, जिसे नागरिक अपनी संतुष्टि के लिए देख सकते हैं और संतुष्ट हो सकते हैं कि वे सही व्यक्ति को अपनी जनगणना संबंधी जानकारी दे रहे हैं।

प्रगणकों द्वारा जनगणना में क्या पूछा जायेगा

जनगणना-2027 के अंतर्गत मकान सूचीकरण कार्य में शासन की ओर से अधिकारीगण आपके घरों पर उपस्थित हो कर कुछ सामान्य जानकारियां प्राप्त करेंगें। जैसे कि आपका मकान कैसा है, परिवार में कितने सदस्य हैं, परिवार के मुखिया का नाम, नल कनेक्शन, बिजली कनेक्शन, शौचालय/बाथरूम, गैस कनेक्शन, रेडियो/टीवी, कैबल कनेक्शन, साईकिल/मोटर साईकिल/कार, खाया जाने वाला मुख्य अन्न, आपका मोबाईल नम्बर आदि जानकारी ली जायेगी। इस प्रकार कुल 33 प्रश्न जनगणना के मकान सूचीकरण कार्य के दौरान पूछे जायेंगें।

क्या नहीं पूछा जायेगा

जिले में 30 मई तक किये जाने वाले जनगणना-2027 के मकान सूचीकरण कार्य में आधार कार्ड नम्बर, पैन कार्ड नम्बर, बैंक की जानकारी तथा किसी भी प्रकार का ओ.टी.पी. नहीं मांगा जायेगा। अत: आमजन जानकारी देते समय अत्यधिक सावधानी बरते तथा आने वाले अधिकारी का पहचान पत्र जरूर चैक करें।

बालाघाट जिले में जनगणना-2027 के व्यवस्थित संचालन के लिए कुल 2985 गणना ब्लाक बनाये गये हैं। इन गणना ब्लाक में जनगणना के लिए 2693 प्रगणक एवं उनके काम की निगरानी के लिए 480 सुपरवाईजर नियुक्त  किये गये हैं। 10 से 30 अप्रैल तक स्वगणना के दौरान 10 हजार 336 लोगों द्वारा मोबाईल के माध्यम से स्व गणना की गई है। जिले में प्रगणकों द्वारा घर-घर जाकर मकान सूचीकरण का कार्य 01 मई से प्रारंभ कर दिया गया है, जो 30 मई तक चलेगा।

संलग्न फोटो क्रमांक:- 20 से 26