सुनील खोब्रागढ़े (ब्यूरो प्रमुख )
बालाघाट- जनजातीय कार्य विभाग के अंतर्गत जिले के समस्त विद्यालयों में 8 से 14 अप्रैल तक डॉ. भीमराव आंबेडकर एवं संत रविदास जयंती उत्सव उत्साहपूर्वक मनाया जा रहा है। इस संबंध में सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग श्रीमती शकुंतला डामोर ने जानकारी देते हुए बताया कि विद्यार्थियों में सामाजिक समरसता, समानता एवं प्रेरणा के भाव विकसित करने के उद्देश्य से विभिन्न रचनात्मक गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है।
उत्सव के अंतर्गत डॉ. भीमराव आंबेडकर के जीवन एवं विचारों से विद्यार्थियों को परिचित कराया जा रहा है। इसी क्रम में एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय बैहर के विद्यार्थियों ने डॉ. आंबेडकर के व्यक्तित्व एवं कृतित्व को दर्शाती आकर्षक पेंटिंग्स तैयार कीं, जिससे छात्रों की रचनात्मक प्रतिभा भी सामने आई।
वहीं संत रविदास जयंती के अवसर पर माता शबरी आवासीय कन्या शिक्षा परिसर, परसवाड़ा में चित्रकला, नृत्य एवं नाटिका का आयोजन किया गया। इन कार्यक्रमों के माध्यम से छात्राओं ने संत रविदास के जीवन, उनके संदेश एवं समाज में समरसता की भावना को प्रस्तुत किया।

कार्यक्रमों के दौरान शिक्षकों द्वारा विद्यार्थियों को डॉ. आंबेडकर एवं संत रविदास के आदर्शों—समानता, शिक्षा, भाईचारा एवं सामाजिक न्याय—के महत्व से अवगत कराया गया।
जनजातीय कार्य विभाग द्वारा आयोजित इन गतिविधियों से विद्यार्थियों में जागरूकता के साथ-साथ सामाजिक मूल्यों के प्रति सकारात्मक सोच विकसित हो रही है। विभाग द्वारा आगामी दिनों में भी इस प्रकार के प्रेरणादायक कार्यक्रमों के आयोजन की योजना बनाई गई है।



