राज्य के वरिष्ठ आईपीएस आईजी रतनलाल डांगी पर आखिरकार सरकार ने सख्त कार्रवाई कर दी है। अशोभनीय आचरण और पद के दुरुपयोग के आरोपों में डांगी को निलंबित कर दिया गया है।
2003 बैच के आईजी डांगी पुलिस मुख्यालय में ही पदस्थ थे। निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय पुलिस हेड क्वार्टर ही रहेगा। उनके खिलाफ पिछले साल अक्टूबर में महिला ने दबाव और उत्पीड़न की शिकायत की थी। उसी समय से उनके खिलाफ जांच चल रही है।
गुरुवार को गृह (पुलिस) विभाग से जारी आदेश में उल्लेख किया गया है कि रतन लाल डांगी पर वरिष्ठ पद की गरिमा के अनुरूप व्यवहार नहीं करने के आरोप हैं। आदेश में ये भी लिखा है कि जांच में प्रथम दृष्टया पाया गया है कि उनका आचरण अखिल भारतीय सेवा(आचरण)नियम 1968 के प्रावधानों के अनुसार नहीं है।
उनका व्यवहार नैतिकता के विपरीत रहा और उन्होंने अपने पद के प्रभाव का दुरुपयोग किया। इलेक्ट्रॉनिक और सोशल मीडिया में मामला प्रसारित होने से पुलिस विभाग की छवि पर असर पड़ा है। शासन ने स्पष्ट किया है कि इस पूरे प्रकरण के लिए डांगी व्यक्तिगत रूप से जिम्मेदार हैं, इसलिए उनके खिलाफ विभागीय अनुशासनात्मक कार्रवाई की गई है।
निलंबन अवधि के दौरान उनका मुख्यालय पुलिस मुख्यालय, नवा रायपुर रहेगा। इस दौरान बिना अनुमति मुख्यालय छोड़ने पर रोक रहेगी।
चैट वायरल, जिसमें पावरफुल अफसर का नाम
आईजी डांगी का निलंबन आदेश गुरुवार को छुट्टी के दिन जारी करने के पीछे एक वायरल चैट को कारण बताया जा रहा है। दरअसल, दो दिन पहले सोशल मीडिया में एक चैट वायरल हुआ। वायरल चैट में एक पावरफुल अफसर के नाम के साथ लिखा गया था कि पुलिस विभाग में ट्रांसफर-पोस्टिंग के लिए इनसे ही संपर्क करना होगा।
कुछ ही घंटे में पूरे महकमे के साथ सत्ता के गलियारों में यह चैट वायरल हो गया। वहीं डांगी के निलंबन आदेश में सोशल मीडिया में उनके कृत्य के वायरल होने से पुलिस विभाग की छवि पर असर पड़ने का जिक्र किया गया है। यही कारण है कि आनन-फानन में निलंबन के आदेश को इसी के साथ जोड़कर देखा जा रहा है।
हालांकि आईजी डांगी के खिलाफ अक्टूबर 2025 में एक अफसर की पत्नी ने यौन उत्पीड़न की शिकायत की थी। पीड़िता ने सीधे गृह विभाग के आला अफसरों को डिजिटल दस्तावेजों के साथ अर्जी दी थी। मामला सोशल मीडिया में तेजी से वायरल हुआ तो विभाग ने जांच के आदेश दे दिए। जांच शुरू होने पर आईजी को फील्ड से हटाकर मुख्यालय में अटैच कर दिया गया था।
हाल ही में पीड़िता का एक इंटरव्यू भी खूब वायरल हुआ है। इस इंटरव्यू में पीड़िता ने आईजी पर कई तरह के आरोप लगाए हैं। जो चैट पिछले दो दिनों से वायरल हो रहा है, पीड़िता ने इंटरव्यू के दौरान इसका भी जिक्र किया था।



