रायपुर, रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने लोकसभा में केंद्रीय बजट 2026-27 पर चर्चा में इसे ‘आत्मविश्वास का बजट’ बताया। सांसद ने कहा कि बीते ग्यारह वर्षों में देश ने तेज़ी से विकास किया है और वैश्विक पहचान बनाई है। इस बजट के जरिए भारत आत्मनिर्भर बन रहा है। उन्होंने जोर देकर कहा, अब भारत रुकेगा नहीं, झुकेगा नहीं और थमेगा नहीं। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण का धन्यवाद करते हुए कहा कि यह बजट गरीब, किसान, युवा, महिला और मध्यम वर्ग के सशक्तिकरण के लिए समर्पित है। छत्तीसगढ़ के विकास पर भी उन्होंने ध्यान दिया। उन्होंने कहा, डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर के तहत दानकुनी से सूरत तक बनने वाला कॉरिडोर छत्तीसगढ़ से गुजरेगा, जिससे राज्य में औद्योगिक क्रांति आएगी। वहीं भुवनेश्वर से विशाखापट्टनम कॉरिडोर का लाभ भी छत्तीसगढ़ को मिलेगा। ‘भारत विस्तार एआई मिशन’ के तहत राज्य के किसानों को छत्तीसगढ़ी भाषा में उन्नत कृषि तकनीक सिखाई जाएगी। धान के समर्थन मूल्य में वृद्धि का उदाहरण देते हुए कहा कि कांग्रेस के समय 1310 रुपए मिलते थे, जबकि आज मोदी सरकार 2369 रुपए और छत्तीसगढ़ में 3100 रुपए में खरीदी कर किसानों को लाभ मिला। औद्योगिक और शैक्षणिक विकास पर सांसद ने कहा कि बजट में रेयर अर्थ और सेमीकंडक्टर मिशन के लिए 40,000 करोड़ रुपए रखे गए हैं। शिक्षा में 42,100 करोड़ रुपए और 15,000 नए स्कूल, 5,000 कॉलेज बनाए जाएंगे। इन संस्थानों को अब अनुसंधान की प्रयोगशालाओं के रूप में विकसित किया जाएगा। राजकोषीय घाटा घटकर 4.4% हुआ है, और बैंक मुनाफे में हैं। उन्होंने बताया कि भारत आज विश्व की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है।



