Home छत्तीसगढ़ एसडीएम वारासिवनी ने किया कृषि महाविद्यालय मुरझड़ का भ्रमण

एसडीएम वारासिवनी ने किया कृषि महाविद्यालय मुरझड़ का भ्रमण

1
0

वारासिवनी- एसडीएम वारासिवनी श्री कार्तिकेय जायसवाल 05 फरवरी को कृषि महाविद्यालय मुरझड़ के औपचारिक भ्रमण पर पहुँचे और महाविद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्थाओं, स्वच्छता, अनुशासन एवं छात्र-छात्राओं को उपलब्ध सुविधाओं का अवलोकन किया। इस अवसर पर महाविद्यालय के अधिष्ठाता डॉ. धनश्याम देशमुख द्वारा उन्हें महाविद्यालय की शैक्षणिक, शोध एवं अन्य गतिविधियों की विस्तृत जानकारी दी गई।

भ्रमण के दौरान एसडीएम श्री जायसवाल ने विद्यार्थियों एवं रावे कार्यक्रम के छात्रों से संवाद कर उन्हें अनुशासन बनाए रखने, लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। इसके पश्चात उन्होंने कक्षाओं, छात्रावास, पुस्तकालय, मशरूम उत्पादन इकाई एवं संग्रहालय का निरीक्षण किया। पुस्तकालय में उपलब्ध शैक्षणिक सामग्री की सराहना करते हुए छात्रों को अधिक से अधिक अध्ययन करने हेतु प्रोत्साहित किया।

इस अवसर पर पौध रोग विशेषज्ञ डॉ. रमेश अमूले द्वारा मशरूम के पोषक तत्वों, उत्पादन विधि एवं इससे कृषकों की आय बढ़ाने की संभावनाओं की जानकारी दी गई। वहीं सहायक प्राध्यापक डॉ. ए.के. राय ने संग्रहालय की विस्तृत जानकारी प्रदान की। एसडीएम श्री जायसवाल ने महाविद्यालय में हो रहे नवाचारों की सराहना करते हुए उन्हें आगे बढ़ाने के लिए प्रबंधन की प्रशंसा की। इस अवसर पर महाविद्यालय के अधिकारी, कर्मचारी एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।